आज से विधानसभा का मानसून सत्र, तीजन बाई को श्रद्धांजलि से होगी शुरुआत

आज से विधानसभा का मानसून सत्र, तीजन बाई को श्रद्धांजलि से होगी शुरुआत

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। 17 जुलाई तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। सरकार इस दौरान आठ महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश करेगी। सत्र के पहले दिन की कार्यवाही की शुरुआत हाल ही में दिवंगत हुई पद्म विभूषण एवं प्रख्यात पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी।

पहले दिन के प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा तथा वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री सदन के पटल पर छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग का वार्षिक प्रतिवेदन 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग का वार्षिक लेखा प्रतिवेदन 2024-25 तथा अधिसूचित छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग विनियम-2026 प्रस्तुत करेंगे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (वीबीजीआरजी) योजना से संबंधित दस्तावेज सदन में रखेंगे। वहीं वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स नेटवर्क (जीएसटीएन) की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे। फरवरी-मार्च 2026 के विधानसभा सत्र के दौरान पूछे गए प्रश्नों के अपूर्ण उत्तरों का संकलन भी सदन में रखा जाएगा।

सत्र के पहले दिन ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के तहत वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन में कथित लापरवाही का मुद्दा उठाएंगे। वहीं कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में अनियमितता का मामला सदन में उठाएंगे।

सरकार के लिए यह सत्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई अहम विधेयकों के साथ विभिन्न विभागों के कामकाज पर चर्चा होगी। वहीं विपक्ष भी कानून-व्यवस्था, किसानों, बारिश की कमी, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। पाँच दिनों तक चलने वाले इस सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने की संभावना है।