बहू ही निकली बुजुर्ग की कातिल! 24 घंटे में जशपुर पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, 4 आरोपी गिरफ्तार

बहू ही निकली बुजुर्ग की कातिल! 24 घंटे में जशपुर पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, 4 आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 5 जुलाई। जशपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रदेश में त्वरित और वैज्ञानिक विवेचना का उदाहरण पेश किया है। पुलिस के अनुसार, 70 वर्षीय चुगरू (गुंगरू) प्रधान की हत्या किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि पारिवारिक रंजिश के चलते उनकी बहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर कराई थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के कारण मृतक की बहू सुगंती बेसरा ने तीन युवकों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 3-4 जुलाई की मध्यरात्रि सभी आरोपी मोटरसाइकिल से बुजुर्ग के घर पहुंचे, दरवाजा खुलवाया और लकड़ी के फट्टे व मुक्कों से हमला करने के बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए। आरोपियों ने मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में थाना दुलदुला पुलिस, साइबर सेल, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने संयुक्त जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक विवेचना और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर मुख्य साजिशकर्ता महिला सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गंभीर अपराधों का त्वरित एवं वैज्ञानिक तरीके से खुलासा कर दोषियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।