मुख्यमंत्री निवास में दीपोत्सव की धूम! कौशल्या साय संग विष्णुदेव साय ने जलाए दीप, प्रदेश के लिए मांगी सुख-समृद्धि

मुख्यमंत्री निवास में दीपोत्सव की धूम! कौशल्या साय संग विष्णुदेव साय ने जलाए दीप, प्रदेश के लिए मांगी सुख-समृद्धि

दीपों की जगमगाहट, अपनों का साथ और आतिशबाजी का उल्लास… मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवार संग मनाई दीपावली, प्रदेशवासियों को दिया खुशहाली का संदेश

धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के सदस्यों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर मनाया प्रकाश पर्व | निवास पर पहुंचे लोगों एवं कर्मचारियों के साथ साझा कीं पर्व की खुशियां

जशपुरनगर । प्रकाश, आस्था और उल्लास के महापर्व दीपावली पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पारिवारिक और आत्मीय अंदाज देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूरे उत्साह और पारंपरिक उल्लास के बीच दीपावली का पर्व मनाया। दीपों की सुनहरी रोशनी, आतिशबाजी की चमक और अपनों के साथ खुशियों के पलों ने मुख्यमंत्री निवास के वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

दीपावली के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने निवास के आंगन में दीप प्रज्ज्वलित कर सुख, समृद्धि और खुशहाली का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ फुलझड़ियां और अनार जलाकर दीपोत्सव का आनंद लिया। मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे लोगों और कर्मचारियों के साथ भी उन्होंने आत्मीयता से दीपावली की खुशियां साझा कीं। आपसी स्नेह, अपनत्व और उत्साह से भरे इस माहौल में दीपोत्सव की रौनक देखते ही बनी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश का यह पावन पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा प्रदेश में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि परिवार के साथ आत्मीय पल बिताने, आपसी प्रेम को मजबूत करने और समाज में सद्भाव का संदेश प्रसारित करने का भी अवसर है। यह पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि दीपावली का प्रकाश हर व्यक्ति के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और उमंग का संचार करे। समाज में भाईचारा बना रहे और प्रदेश निरंतर विकास, समृद्धि एवं खुशहाली के पथ पर आगे बढ़ता रहे, यही इस पावन पर्व का संदेश है।