धरमजयगढ़ में दर्दनाक हादसा : घर में भीषण आग लगने से बुजुर्ग दंपति की जिंदा जलकर मौत,फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड जांच में जुटे,आग लगने का कारण अभी अज्ञात
धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत क्रोन्धा गांव में देर रात एक दर्दनाक हादसे में घर में लगी भीषण आग की चपेट में आने से एक बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक दंपति के घर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में अकेले रह रहे बुजुर्ग पति-पत्नी बाहर नहीं निकल सके और दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। विशेषज्ञों की टीम हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक बुजुर्ग दंपति घर में अकेले रहते थे। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों और घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Reporter 