एक तिरंगा, हजारों दिल और एक संकल्प—‘राष्ट्र सर्वोपरि’; CM साय की अगुवाई में रायपुर में भव्य तिरंगा यात्रा

एक तिरंगा, हजारों दिल और एक संकल्प—‘राष्ट्र सर्वोपरि’; CM साय की अगुवाई में रायपुर में भव्य तिरंगा यात्रा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने थामा तिरंगा, भव्य तिरंगा यात्रा का किया नेतृत्व; बोले—140 करोड़ भारतीयों को एक सूत्र में बांधता है तिरंगा

रायपुर, 10 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व राजधानी रायपुर में सोमवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकली यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं हाथ में तिरंगा थामकर हजारों नागरिकों के साथ कदम से कदम मिलाया। भारत माता के जयघोष, वंदे मातरम् और देशभक्ति के गीतों से पूरा यात्रा मार्ग राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।

यात्रा में युवा, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, पूर्व सैनिक और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग शामिल हुए। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा थामा गया लगभग एक किलोमीटर लंबा तिरंगा विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री बोले—तिरंगा हमारी आन, बान और शान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। यह केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और असंख्य बलिदानों का प्रतीक है। तिरंगे में देश के 140 करोड़ भारतीयों को एक सूत्र में बांधने की अद्भुत शक्ति है।”

उन्होंने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का प्रतीक है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों से परिचित कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में सम्मान के साथ तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों को किया नमन

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानियों शहीद वीर नारायण सिंह और गुण्डाधुर का स्मरण करते हुए उनकी शौर्यगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इन महानायकों का साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम प्रदेशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

मुख्यमंत्री ने बदलते बस्तर का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर अब हिंसा और भय के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और वहां भी तिरंगा पूरे गौरव के साथ लहराएगा।

उपमुख्यमंत्रियों ने भी बताया राष्ट्रभक्ति का पर्व

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम का उत्साह देखकर देश के उज्ज्वल भविष्य का विश्वास मजबूत होता है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तिरंगे को राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल होने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में मंत्रीगण, सांसद, विधायक, महापौर, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। हजारों हाथों में लहराते तिरंगे और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के उद्घोष से राजधानी का वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।