किसानों को राहत देने साय सरकार के बड़े फैसले, 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पात्र किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता : रामकिशुन सिंह
कृषक उन्नति योजना में प्रति एकड़ ₹13,839 की सहायता का प्रावधान, फसल विविधीकरण से लेकर गन्ना, दलहन-तिलहन और श्रीअन्न उत्पादकों को मिल रहा प्रोत्साहन : कांग्रेस पर किसानों को भ्रमित करने का आरोप, समर्थन मूल्य और आदान सहायता को अलग-अलग लाभ बताते हुए सरकार की योजनाओं का किया बचाव
जशपुर। किसानों की आर्थिक सुरक्षा, कृषि को लाभकारी बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों को लेकर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक मर्यादित सरगुजा संभाग के अध्यक्ष रामकिशुन सिंह ने सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को विस्तार से सामने रखा। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत का बोझ कम करने और कृषि क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कृषक उन्नति योजना में किए गए महत्वपूर्ण बदलाव को किसानों के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि अब पात्र किसान 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा से कम धान बेचने पर भी सत्यापित धान उत्पादक रकबे के आधार पर प्रति एकड़ ₹13,839 की पूरी आदान सहायता प्राप्त कर सकेंगे। इससे कम उत्पादन वाले किसानों, लघु एवं सीमांत किसानों तथा वनांचल क्षेत्र के किसानों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
पत्रकार वार्ता के दौरान रामकिशुन सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों के बीच भ्रम फैलाने की राजनीति छोड़कर अपने कार्यकाल का हिसाब दे। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषक उन्नति योजना की आदान सहायता और धान के समर्थन मूल्य को लेकर गलत जानकारी प्रसारित कर किसानों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य और आदान सहायता अलग-अलग लाभ हैं तथा पात्र किसानों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार दोनों का लाभ मिल सकता है। भाजपा सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए ठोस निर्णय ले रही है, जबकि कांग्रेस राजनीतिक स्वार्थ के चलते योजनाओं को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रही है।
धान के अलावा दूसरी फसलों पर भी बढ़ा प्रोत्साहन, गन्ना किसानों को ₹425 प्रति क्विंटल
प्रदेश सरकार कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले किसानों की प्रोत्साहन राशि ₹11,000 से बढ़ाकर ₹15,000 प्रति एकड़ कर चुकी है। वहीं दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास जैसी फसलों के उत्पादकों के लिए ₹10,000 प्रति एकड़ प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।
गन्ना उत्पादकों को राहत देते हुए गन्ने का उत्पादन मूल्य ₹355 से बढ़ाकर ₹425 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके साथ शुगर रिकवरी के आधार पर अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि का प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने कहा कि इन फैसलों से किसान पारंपरिक खेती के साथ लाभकारी विकल्प अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
प्राकृतिक आपदा और चक्रवात से फसल नुकसान झेलने वाले किसानों से अपील करते हुए रामकिशुन सिंह ने कहा कि जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है, वे नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने के बाद बीमा कंपनी द्वारा नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और योजना के प्रावधानों के अनुसार पात्र किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।उन्होंने किसानों से अपील की कि निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखें, ताकि बीमा लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
श्रीअन्न को नई पहचान देने की तैयारी, 15 दिसंबर से शुरू होगी उपार्जन अवधि
कोदो, कुटकी और रागी जैसी श्रीअन्न फसलों के उत्पादन और विपणन को बढ़ावा देने के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मार्कफेड के माध्यम से 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक उपार्जन की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि श्रीअन्न फसलों को उचित मूल्य, बाजार और प्रसंस्करण से जोड़कर किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ छत्तीसगढ़ को श्रीअन्न उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
रामकिशुन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। कृषि को लाभकारी बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आर्थिक खुशहाली के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सरकार का लक्ष्य है। किसान की समृद्धि ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की आधारशिला है।
पत्रकार वार्ता में जशपुर विधायक रायमुनी भगत, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष दिनेश प्रसाद, जिला भाजपा मंत्री संतोष सिंह, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैजान सरवर खान, मोर्चा जिला महामंत्री संजीव ओझा, जिला कार्यालय प्रभारी शरद चौरसिया, शहर मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी, शिवप्रकाश तिवारी एवं रूपेश सिंह उपस्थित थे।
prashantsahay713@gmail.com 