रायपुर: 07 जुलाई को सरगुजा जिले में मनाया जाएगा रोजगार एवं आवास दिवस
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा विशेष फोकस
रायपुर। सरगुजा जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से 07 जुलाई 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं सातों विकासखंडों में श्रोजगार एवं आवास दिवसश् का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) एवं विकसित भारत-जी राम जी योजना के क्रियान्वयन की व्यापक समीक्षा करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। रोजगार एवं आवास दिवस के माध्यम से आवास और रोजगार से जुड़ी योजनाओं के लंबित प्रकरणों का निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभान्वित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत सभी लंबित एवं अपूर्ण आवासों को अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा। जिन हितग्राहियों को प्रथम किस्त का भुगतान लंबित है, उन्हें तत्काल राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही आवास निर्माण सामग्री की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए डीलर दीदी पहल को और विस्तार दिया जाएगा। महिला स्व-सहायता समूहों की नई सदस्यों को डीलर दीदी के रूप में जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा लखपति दीदी बनने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
रोजगार दिवस के अंतर्गत विकसित भारत-जी राम जी योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। कार्य की मांग करने वाले प्रत्येक पात्र श्रमिक को नियमानुसार रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही मनरेगा के सभी अपूर्ण कार्यों को चिन्हित कर उन्हें शीघ्र पूरा करने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।
इसके अलावा श्रमिकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी, लंबित जियो-टैगिंग का निराकरण तथा पंचायत भवनों में स्थापित क्यूआर कोड के अधिकाधिक उपयोग के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। योजनाओं से संबंधित शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण भी इस दिवस की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं मैदानी अमले को समन्वित रूप से कार्य करते हुए रोजगार एवं आवास दिवस को सफल बनाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Reporter 