CG Big News : MP, गोवा के बाद गुजरात और ओडिशा ने भी 5- 5 करोड़ देकर बस्तर में बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए बढ़ाया हाथ..CM साय ने जताया आभार..पढ़ें पूरी समाचार

Chhattisgarh News/रायपुर। बस्तर संभाग में आई बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आपदा की इस घड़ी में कई राज्यों ने छत्तीसगढ़ सरकार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। मध्यप्रदेश और गोवा के बाद अब गुजरात और ओडिशा सरकार ने भी छत्तीसगढ़ की मदद के लिए 5-5 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मदद के लिए दोनों राज्यों का आभार जताया है।
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी का छत्तीसगढ़ की बाढ़ आपदा के समय ₹5-5 करोड़ की राहत राशि उपलब्ध कराने के लिए आभार। आपका यह सहयोग बस्तर संभाग के प्रभावित परिवारों के लिए त्वरित राहत सुनिश्चित करेगा और हमारी आपदा प्रबंधन की क्षमता को मज़बूती देगा। आपका यह व्यावहारिक समर्थन हमारे साझा दायित्व और परस्पर सहयोग की मिसाल है। छत्तीसगढ़ सरकार और यहां की जनता की ओर से इस सहयोग के लिए आपका हार्दिक धन्यवाद।
फिलहाल, सबसे पहले मध्यप्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ के बाढ़ प्रभावितों के लिए 5 करोड़ रुपये और राहत सामग्री भेजी थी। इसके बाद गोवा सरकार ने भी मुख्यमंत्री राहत कोष में 5 करोड़ रुपये जमा कराए। अब गुजरात और ओडिशा की ओर से भी 5-5 करोड़ रुपये की सहायता राशि भेजी गई है।