बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों पर PWD का त्वरित एक्शन : सुलेसा-दनगरी मार्ग की होगी मरम्मत, कैलाश गुफा मार्ग पर वैकल्पिक रास्ते से आवागमन शुरू
जशपुरनगर । जिले में विगत दिनों हुई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर प्रकाशित समाचारों पर लोक निर्माण विभाग (भ/स) संभाग जशपुर ने त्वरित संज्ञान लेते हुए दोनों प्रभावित मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने सुलेसा-दनगरी मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से की शीघ्र मरम्मत कर आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए हैं, वहीं कैलाश गुफा मार्ग पर जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग से आवागमन शुरू कराया गया है।
सुलेसा-दनगरी मार्ग पर 60 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त
सुलेसा-दनगरी मार्ग की कुल लंबाई 12.26 किलोमीटर है और इसका निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। मार्ग पर मिट्टी एवं जीएसबी का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। विगत दिनों हुई अत्यधिक वर्षा तथा कच्ची नाली में तेज पानी के बहाव के कारण मार्ग का लगभग 60 मीटर हिस्सा कटाव से क्षतिग्रस्त हो गया।
मामले की जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने 01 सितम्बर को स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित उप अभियंता, ठेकेदार के प्रतिनिधि तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यपालन अभियंता ने संबंधित ठेकेदार को क्षतिग्रस्त हिस्से की शीघ्र मरम्मत कर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार जल्द ही मरम्मत कार्य पूरा कर आवागमन सुचारू कर दिया जाएगा।
कैलाश गुफा मार्ग पर भू-स्खलन, वैकल्पिक रास्ते से आवागमन जारी
इसी तरह गायबुढ़ा-कैलाश मार्ग पर भी भारी बारिश के बाद भू-स्खलन की स्थिति निर्मित हुई है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार इस मार्ग का निर्माण वर्ष 2018-19 में कराया गया था तथा अनुबंध के अनुसार कार्य 08 मई 2022 को पूर्ण हो चुका है। इस कार्य की पी.जी. अवधि 36 माह थी, जो अब पूर्ण हो चुकी है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मार्ग निर्माण के समय कि.मी. 1/10 U/S (R/s) में कोई तालाब नहीं था। वर्तमान में मार्ग के राइट साइड में बड़े तालाब का निर्माण किया गया है। विगत दिनों हुई भारी वर्षा के कारण तालाब में पानी भरने और पानी के रिसाव से मार्ग की निचली सतह प्रभावित हुई, जिसके चलते राइट साइड में प्राकृतिक कारणों से भू-स्खलन की स्थिति बनी।
जनसुरक्षा को प्राथमिकता, क्षतिग्रस्त हिस्से पर सुरक्षा संकेतक लगाए
भू-स्खलन की स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने तत्काल क्षतिग्रस्त मार्ग के दोनों ओर आवागमन अवरुद्ध कर दिया है। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए दोनों ओर सुरक्षा संकेतक पट्ट भी लगाए गए हैं। वर्तमान में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के आवागमन के लिए लोक निर्माण विभाग के दूसरे वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कराया जा रहा है। विभाग ने बताया कि क्षतिग्रस्त हिस्से के सुधार के लिए एफ.डी.आर. के अंतर्गत प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है और शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू करने के लिए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
लोक निर्माण विभाग ने दोनों मामलों में त्वरित निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए बारिश से प्रभावित मार्गों पर आवागमन बहाल करने तथा जनसुरक्षा सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी है।

prashantsahay713@gmail.com 