महिला एवं बाल विकास विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 अधिकारियों के तबादले : जशपुर के जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा को संचालनालय में मिली नई जिम्मेदारी, कई जिलों के DPO और सहायक संचालकों का भी स्थानांतरण

महिला एवं बाल विकास विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 अधिकारियों के तबादले : जशपुर के जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा को संचालनालय में मिली नई जिम्मेदारी, कई जिलों के DPO और सहायक संचालकों का भी स्थानांतरण

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारियों एवं सहायक संचालकों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश में कुल 14 अधिकारियों के स्थानांतरण/पदस्थापना की गई है। आदेश में पदस्थापन को प्रशासनिक आधार पर किए जाने का उल्लेख है। 
जारी आदेश के अनुसार जशपुर जिले के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अजय शर्मा को अब उप संचालक, संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। अजय शर्मा की नई पदस्थापना को विभागीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
इसी क्रम में धमतरी की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जागरानी एक्का को प्रभारी संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय महिला एवं बाल विकास प्रशिक्षण संस्थान, सरगुजा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं श्रीमती श्रुति नेरकर, उप संचालक को उप संचालक, राज्य पोषण संस्थान केंद्र, रायपुर पदस्थ किया गया है।
आदेश में बेमेतरा के जिला कार्यक्रम अधिकारी चन्द्रशेखर सिसोदिया को उप संचालक, संचालनालय महिला एवं बाल विकास बनाया गया है। वहीं गरियाबंद के जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय को जिला कार्यक्रम अधिकारी, दुर्ग पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा राजनांदगांव के जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेंद्र सिंह ठाकुर को प्रभारी सचिव, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग, रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य स्तरीय संसाधन केंद्र रायपुर के उप संचालक अवनी बिसवाल को उप संचालक, संचालनालय महिला एवं बाल विकास पदस्थ किया गया है।
राज्य स्तरीय संसाधन केंद्र रायपुर के उप संचालक वरुण नायेश को जिला कार्यक्रम अधिकारी, गरियाबंद बनाया गया है, जबकि दुर्ग के जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकुमार जांगुलकर को जिला कार्यक्रम अधिकारी, राजनांदगांव पदस्थ किया गया है।
इसी तरह सक्ती के जिला कार्यक्रम अधिकारी सुधाकर बोदले को उप संचालक, क्षेत्रीय महिला प्रशिक्षण संस्थान, सरगुजा पदस्थ किया गया है। नारायणपुर के जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी लुपेन्द्र महिना को प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, धमतरी की जिम्मेदारी दी गई है।
सुकमा के जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी ऋतीश कुमार टंडन को प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, बेमेतरा पदस्थ किया गया है। वहीं सहायक संचालक अतुल दाण्डेकर को प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, सक्ती तथा कांकेर के जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी अनुकूल पाण्डेय को प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी, जशपुर पदस्थ किया गया है।
मुख्यमंत्री की मिली स्वीकृति
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उक्त स्थानांतरण/पदस्थापन पर माननीय मुख्यमंत्री की अनुमति प्राप्त है तथा आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। साथ ही सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी पूर्व निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 
प्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला स्तर से लेकर संचालनालय स्तर तक हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों की नई पदस्थापना के बाद विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जिला स्तर के प्रशासनिक कामकाज में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।