H1N1/स्वाइन फ्लू को लेकर जशपुर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिलेवासियों से सावधानी बरतने की अपील

H1N1/स्वाइन फ्लू को लेकर जशपुर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिलेवासियों से सावधानी बरतने की अपील

बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ को न करें नजरअंदाज, लक्षण दिखने पर तत्काल लें चिकित्सकीय सलाह

जशपुरनगर । छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में H1N1/स्वाइन फ्लू के प्रकरण सामने आने के बाद जशपुर स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। दुर्ग, बिलासपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने जिलेवासियों से संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार H1N1/स्वाइन फ्लू एक श्वसन संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने अथवा निकट संपर्क में आने से फैल सकता है। ऐसे में व्यक्तिगत स्वच्छता, सतर्कता और समय पर चिकित्सकीय सलाह संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

खांसते-छींकते समय बरतें सावधानी

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से खांसते या छींकते समय नाक और मुंह को रूमाल अथवा टिश्यू से ढकने, साबुन एवं पानी से नियमित रूप से हाथ धोने तथा बिना हाथ धोए आंख, नाक और मुंह को छूने से बचने की अपील की है।

बुखार, खांसी अथवा गले में खराश होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने और बीमारी की स्थिति में पर्याप्त आराम करने के साथ दूसरों के निकट संपर्क से बचने की सलाह दी गई है। घर एवं कार्यस्थल पर साफ-सफाई बनाए रखने तथा पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था रखने से भी संक्रमण के प्रसार को कम किया जा सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सकीय सलाह के बिना एंटीबायोटिक अथवा अन्य दवाओं का सेवन नहीं करने की भी अपील की है।

फ्लू जैसे लक्षणों को न करें नजरअंदाज

बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या नाक बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द, कमजोरी और अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।

वहीं सांस लेने में कठिनाई, सांस फूलना, सीने में दर्द अथवा लक्षण लगातार बढ़ने की स्थिति में तत्काल निकटतम स्वास्थ्य संस्था पहुंचकर उपचार लेना आवश्यक है।

स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा गंभीर अथवा दीर्घकालिक बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। इन वर्गों में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

घबराने की नहीं, सतर्क रहने की जरूरत

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन संक्रमण की रोकथाम के लिए सतर्कता और सावधानी जरूरी है। उन्होंने कहा कि लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्था में चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करें।

स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखें, संक्रमण के लक्षणों को गंभीरता से लें और आवश्यक होने पर समय पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।