Jashpur News : जशपुर में धान खरीदी से पहले बिचौलिए कर रहे हैं कमाल, मचा रहे हैं धमाल...अवैध धान से लदा हुआ ट्रक हुआ जब्त...पढ़ें पूरी खबर

Jashpur News : जशपुर में धान खरीदी से पहले बिचौलिए कर रहे हैं कमाल, मचा रहे हैं धमाल...अवैध धान से लदा हुआ ट्रक हुआ जब्त...पढ़ें पूरी खबर

कुनकुरी/जशपुरनगर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में धान खरीदी से पहले बिचौलियों का हेरा फेरी का धंधा शुरू हो गया है। अवैध धान से लदे हुए एक ट्रक को प्रशासन ने जब्त किया है। घटना जिले के कुनकुरी तहसील की है। तहसीलदार मुखदेव यादव ने बताया कि कुनकुरी के पंडरीपानी गांव में एक संदिग्ध ट्रक से धान उतारे जाने की सूचना मिली थी।

वहीं, सूचना पर कार्रवाई करते हुए पंडरीपानी में दबिश दी गई। इस समय ट्रक में 150 बोरा धान लोड था। ट्रक चालक से धान के संबंध में पूछताछ किए जाने और धान परिवहन संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।

दरअसल, इस पर ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीएक्स 6229 को धान सहित जब्त कर कुनकुरी थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। उन्होनें बताया कि फिलहाल इस मामले की जांच की जा रही है। जब्त धान किसका है और कहां से इसे लाया गया था इसकी पतासाजी की जा रही है। बताया जा रहा है कि जब्त किए गए ट्रक से अधिकारियों के पहुंचने से पहले ही एक पिकअप धान किसी दूसरे स्थान पर भेजा जा चुका था। हालांकि प्रशासनिक अधिकारी अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रहें हैं।

फिलहाल, जशपुर सहित छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य में धान की खरीदी की जानी है। इसके लिए जिले में 42 मंडी और उप मंडी स्थापित किया गया है। विपणन वर्ष 2024-25 के लिए जिले में 49232 किसानों का पंजीकरण किया गया है। इस वर्ष धान के पंजीकृत रकबे में नौ प्रतिशत की वृद्धि भी दर्ज की गई है। मंडियों में धान खरीदी शुरू होने से एक सप्ताह पहले जिले के झारखंड और ओडिशा से लगने वाली अंर्तराज्यीय सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया जाता है ताकि इन राज्यों से धान की अवैध आवक रोका जा सके। लेकिन बिचौलिए नाकाबंदी होने से पहले ही धान का अवैध भंडारण करने में जुटे हुए है। बिचौलियों के इस काले धंधे को रोकना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। 

"पंडरीपानी में धान के बोरे से लदे हुई एक ट्रक को जब्त कर पुलिस के सुपुर्द किया गया है. ट्रक चालक महावीर राम से पूछताछ की जा रही है" -मुखदेव यादव,तहसीलदार,कुनकुरी