CM साय आज खोलेंगे विकास का खजाना, समोदा में 112 करोड़ के कार्यों की देंगे सौगात

CM साय आज खोलेंगे विकास का खजाना, समोदा में 112 करोड़ के कार्यों की देंगे सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज को रायपुर जिले के समोदा से विकास कार्यों की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। एक ही कार्यक्रम में 112 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 96 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा। इनमें सड़क, शहरी अधोसंरचना, ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी कई अहम परियोजनाएं शामिल हैं। विशेष रूप से 100 बिस्तरों वाले आधुनिक अस्पताल की आधारशिला भी रखी जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 21 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 67 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे, जबकि 90 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत वाले 29 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे।

लोकार्पित होने वाले कार्यों में लोक निर्माण विभाग के 9 करोड़ 43 लाख रुपये के तीन कार्य, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 79 लाख रुपये के पांच कार्य, नगर पंचायत समोदा के 6 करोड़ 67 लाख रुपये के 20 कार्य और आरंग नगर पालिका के 4 करोड़ 78 लाख रुपये के 39 विकास कार्य शामिल हैं।

वहीं भूमिपूजन किए जाने वाले कार्यों में लोक निर्माण विभाग के 61 करोड़ 11 लाख रुपये के आठ कार्य, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 2 करोड़ 54 लाख रुपये के 11 कार्य तथा समोदा नगर पंचायत के 8 करोड़ 70 लाख रुपये के नौ विकास कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में नवा रायपुर के सेक्टर-17 स्थित कोटरा भाठा में 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बिस्तर अस्पताल का भूमिपूजन भी शामिल है। अस्पताल बनने के बाद नवा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वहीं वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब तथा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।