*विकसित भारत की आधारशिला है बजट 2026, युवाओं और किसानों के लिए खुलेंगे प्रगति के द्वार:विजय आदित्य सिंह जूदेव*

*विकसित भारत की आधारशिला है बजट 2026, युवाओं और किसानों के लिए खुलेंगे प्रगति के द्वार:विजय आदित्य सिंह जूदेव*

विकसित भारत की आधारशिला है बजट 2026, युवाओं और किसानों के लिए खुलेंगे प्रगति के द्वार: विजय आदित्य सिंह जूदेव

जशपुर :-

भारतीय जनता युवा मोर्चा जशपुर के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने केंद्रीय बजट 2026-27 का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इसे 'विकसित भारत' की आधारशिला बताया है।

 उन्होंने बजट की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री द्वारा पेश किया गया यह दस्तावेज युवा केंद्रित, किसान हितैषी और महिला सशक्तिकरण को समर्पित एक भविष्योन्मुखी रोडमैप है। जूदेव के अनुसार, कर्तव्य भवन में तैयार यह पहला बजट देश के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और जनकल्याण के तीन महत्वपूर्ण कर्तव्यों को केंद्र में रखकर बनाया गया है, जो वर्ष 2047 तक भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।

जशपुर जैसे जनजातीय बाहुल्य और ग्रामीण क्षेत्र के विकास पर चर्चा करते हुए विजय आदित्य सिंह जूदेव ने कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का समावेश, डेयरी व पशुपालन को प्रोत्साहन तथा 'ग्राम स्वराज' पहल के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने की योजनाएँ सीधे तौर पर जिले के किसानों और मजदूरों को लाभान्वित करेंगी।

 उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामीण युवाओं को अब स्वरोजगार और स्थानीय उद्योगों के माध्यम से अपने ही क्षेत्र में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। विशेष रूप से जशपुर जैसे पर्यटन समृद्ध जिले के लिए बजट की घोषणाएं अत्यंत लाभकारी हैं, क्योंकि पर्यटन और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के विस्तार से यहाँ के युवाओं को अपने घर के पास ही सम्मानजनक रोजगार प्राप्त होगा। साथ ही, विदेश में शिक्षा और यात्रा से जुड़े खर्चों में कमी से महत्वाकांक्षी युवाओं के लिए वैश्विक द्वार भी खुलेंगे।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में बजट की घोषणाओं को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए आवंटित 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता कर आम आदमी को बड़ी राहत देगा। हर जिले में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के फैसलों से जशपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी।

 महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर जूदेव ने 'लखपति दीदी' योजना के विस्तार और जिलों में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण के निर्णय को क्रांतिकारी बताया, जिससे ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए एक सुरक्षित वातावरण प्राप्त होगा।

औद्योगिक और तकनीकी विकास का जिक्र करते हुए विजय आदित्य सिंह जूदेव ने कहा कि हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नए जलमार्ग और सेमीकंडक्टर मिशन जैसे बड़े कदम भारत को वैश्विक शक्ति बनाएंगे, जिसका सकारात्मक असर देश के हर कोने में देखने को मिलेगा।

 उन्होंने आयकर प्रक्रिया के सरलीकरण और दैनिक उपयोग की वस्तुओं जैसे मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, जूते और कपड़ों को सस्ता करने के फैसले को मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौगात बताया। अंत में उन्होंने इस जनकल्याणकारी और समावेशी बजट के लिए जशपुर की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट केवल एक वित्तीय विवरण नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग चाहे वो युवा हो, किसान हो, महिला हो या गरीब को सशक्त बनाने वाला एक गौरवशाली मार्गदर्शक दस्तावेज है।