. “बदलेगी शासन व्यवस्था, तेज होंगे सुधार! केंद्र की बैठक में छत्तीसगढ़ ने रखे महत्वपूर्ण सुझाव”
रायपुर, 10 अगस्त 2026। भारत सरकार के कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन ने आज देश के सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिफॉर्म (सुधार) एवं सुधारात्मक उपायों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की। बैठक में प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी, सरल और जनोन्मुखी बनाने के लिए राज्यों से सुझाव आमंत्रित किए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने राज्य की ओर से कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। उन्होंने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने, सुधारों को गति देने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
बैठक में देश के विभिन्न राज्यों के मुख्य सचिवों ने भी अपने-अपने राज्यों की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के अनुरूप सुझाव दिए। इस दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने, प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा सुधारों को तेजी से लागू करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर
कैबिनेट सचिव डॉ. टी.वी. सोमनाथन की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में केंद्र शासन के विभिन्न विभागों के सचिव भी शामिल हुए। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सुधारात्मक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बताया गया कि अक्टूबर से दिसंबर तक देशभर में ‘रिफॉर्म उत्सव’ मनाया जाएगा। इस दौरान आम जनता से भी विभिन्न माध्यमों के जरिए सुझाव एवं फीडबैक लिए जाएंगे।
‘रिफॉर्म उत्सव’ के माध्यम से नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और सरल बनाने तथा शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में व्यापक प्रयास किए जाएंगे।

prashantsahay713@gmail.com 