CM विष्णुदेव साय के नाम जशपुर जिले की आंगनबाड़ी बहनों ने भेजी राखी, बोलीं—भाईया, अब हमारे सम्मान और अधिकारों की रक्षा कीजिए
जशपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं द्वारा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम राखी भेजने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देवदांड सेक्टर अंतर्गत जितुटोली की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को राखी भेजकर उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

यह अभियान छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ की कार्यकारी प्रांताध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष जशपुर श्रीमती कविता यादव के नेतृत्व में जिलेभर में चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी बहनें मुख्यमंत्री को भाई मानते हुए रक्षाबंधन का पर्व मना रही हैं और साथ ही अपनी वर्षों पुरानी मांगों एवं समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने उल्लेख किया है कि रक्षाबंधन का पर्व केवल राखी बांधने का त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के अटूट बंधन का प्रतीक है। आंगनबाड़ी बहनों ने कहा कि वे वर्षों से महिला एवं बाल विकास, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सेवाएं दे रही हैं।
पत्र में मुख्यमंत्री से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनके सम्मान, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन तथा अन्य अधिकारों के संबंध में सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया गया है। बहनों ने विश्वास जताया है कि मुख्यमंत्री उनके भाई के रूप में उनकी जायज मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेंगे और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में उचित कदम उठाएंगे।
राखी संदेश में आंगनबाड़ी बहनों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर भेजी गई राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लाखों आंगनबाड़ी बहनों के प्यार, भरोसे और उम्मीद का प्रतीक है।

बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने अभियान को बनाया सफल
जितुटोली में आयोजित बैठक में जा यादव, मंगलमणि भगत, सुषमा भगत, लक्ष्मनिया भगत, पुनीता यादव, उचित यादव, रुक्मणी यादव एवं प्रमिला यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री के नाम राखी भेजने के अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने राखी के साथ मुख्यमंत्री के नाम मांगों से संबंधित आवेदन भी भेजा तथा विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आंगनबाड़ी बहनों की भावनाओं और वर्षों से लंबित मांगों पर गंभीरता से विचार करेंगे।
कार्यकारी प्रांताध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने बताया कि जिले के विभिन्न सेक्टरों और आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नाम राखी भेजने का अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी बहनें मुख्यमंत्री तक अपना स्नेह, विश्वास और अपनी मांगों को एक साथ पहुंचा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसलिए उन्हें सम्मानजनक मानदेय, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन एवं उनके अधिकारों के संबंध में ठोस निर्णय की आवश्यकता है।

जितुटोली की आंगनबाड़ी बहनों द्वारा भेजी गई राखी और पत्र में मुख्यमंत्री से यह भी अपील की गई है कि वे अपनी आंगनबाड़ी बहनों के विश्वास और उम्मीदों को समझते हुए उनके हित में न्यायपूर्ण निर्णय लें, ताकि रक्षाबंधन के इस पवित्र रिश्ते का भरोसा और भी मजबूत हो सके।
राखी के पावन पर्व पर जितुटोली की आंगनबाड़ी बहनों का संदेश साफ है— मुख्यमंत्री हमारे भाई हैं और हमें विश्वास है कि हमारे भाई हमारी बहनों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए सकारात्मक निर्णय अवश्य लेंगे।

prashantsahay713@gmail.com 