परीक्षा की तारीख बनी अड़चन तो सीएम साय ने बदला शेड्यूल, हजारों युवाओं को मिली बड़ी राहत
रायपुर । प्रदेश के युवाओं के हित में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक बार फिर संवेदनशील और त्वरित निर्णय लेते हुए पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियों में बदलाव कराया है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की तिथियां आपस में टकराने के कारण दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई थी। मुख्यमंत्री के संज्ञान में मामला आते ही उन्होंने अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए, जिसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा की संशोधित तिथियां जारी कर दी हैं।अब सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 02, 03 एवं 04 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
एक तारीख ने बढ़ाई थी हजारों अभ्यर्थियों की चिंता
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक संवर्ग/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम 04 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके बाद मुख्य परीक्षा के लिए पहले 24, 25 एवं 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तिथियां निर्धारित की गई थीं। इसी बीच 25 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित थी। दोनों महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीख एक होने से उन अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति बन गई थी, जो दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। उन्हें किसी एक परीक्षा को छोड़ने की मजबूरी की आशंका सताने लगी थी।
मुख्यमंत्री ने लिया तत्काल संज्ञान
अभ्यर्थियों की परेशानी की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संज्ञान में आते ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा तिथियों के टकराव की समस्या का ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे किसी भी पात्र युवा को केवल तारीखों के टकराव के कारण अवसर से वंचित न होना पड़े। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा की पूर्व निर्धारित तिथियों में बदलाव किया है। अब पुलिस भर्ती मुख्य परीक्षा 02, 03 और 04 नवंबर 2026 को आयोजित होगी।
‘युवाओं का हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवाओं का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का हर संभव अवसर मिले और केवल परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण कोई पात्र अभ्यर्थी किसी अवसर से वंचित न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए युवा वर्षों तक मेहनत करते हैं। ऐसे में परीक्षा कार्यक्रम से जुड़ी किसी व्यावहारिक समस्या के कारण उन्हें दो अवसरों में से किसी एक को चुनने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं और उनके भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर रखें नजर
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए चिन्हांकित अभ्यर्थियों को पृथक रूप से ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत करने की सलाह दी है। इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग द्वारा अलग से जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी और निर्देशों के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।
युवाओं को मिला साफ संदेश—अवसर नहीं छिनेगा
परीक्षा तिथियों में बदलाव के बाद उन अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो शिक्षक भर्ती और पुलिस भर्ती दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस निर्णय से सरकार का यह संदेश भी स्पष्ट हुआ है कि युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य के साथ परीक्षा कार्यक्रम की व्यावहारिक दिक्कतों को आड़े नहीं आने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आगामी भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

prashantsahay713@gmail.com 