गरियाबंद की 65वीं CRPF बटालियन को मिला बेस्ट ऑपरेशन अवार्ड, नक्सल विरोधी अभियानों में रही प्रभावी भूमिका
गरियाबंद। गुवाहटी में शनिवार को हुए 87वें सीआरपीएफ दिवस समारोह में छत्तीसगढ़ में प्रभावी एंटी नक्सल ऑपरेशन चलाने के लिए 65वीं बटालियन को बेस्ट ऑपरेशन बटालियन अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सम्मेलन कंपनी के कमांडेड राधे श्याम सिंह ने अवार्ड प्राप्त किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बटालियन की सराहना करते हुए कहा कि नक्सल मुक्त भारत के अटल संकल्प को पूरा करने में 65वीं बटालियन की अहम भूमिका रही है।
जनवरी 2025 से जनवरी 2026 तक चलाए गए नक्सल विरोधी अभियानों में 65वीं बटालियन की रणनीति निर्णायक साबित हुई। प्रदेश की सात कम्पनियों में से पांच कम्पनियां नक्सल प्रभावित गरियाबंद जिले में तैनात हैं। कुल्हाड़ीघाट, छिन्दौला, ओड़ और बिन्द्रानवागढ़ जैसे क्षेत्रों में 65वीं बटालियन ने सक्रिय भूमिका निभाई। एक साल के ऑपरेशन में 2 सीसी मेंबर समेत 28 कुख्यात नक्सली ढेर किए गए। इसके अलावा सटीक सूचना तंत्र और कारगर रणनीति के कारण 29 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इस तरह 65वीं बटालियन ने गरियाबंद को नक्सल मुक्त जिले के कगार पर पहुंचाने में निर्णायक योगदान दिया।
कमांडेड राधे श्याम सिंह ने कहा कि यह सम्मान बटालियन की असाधारण परिचालन क्षमता, प्रभावी नेतृत्व और राष्ट्र सुरक्षा के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने जवानों को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय उन सभी सिपाहियों को जाता है, जिन्होंने अपने जीवन को जोखिम में डालकर देश की अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखी। उन्होंने जवानों को हौंसला देते हुए कहा कि भविष्य में भी बटालियन का हर सिपाही इसी वीरता, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन करे। इस पुरस्कार से 65वीं CRPF बटालियन का गौरव बढ़ा है और यह अन्य सुरक्षा बलों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बना है।

Reporter 