छत्तीसगढ़ को मिली आधुनिक रेलवे स्टेशनों की सौगात: 17 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे सरोना और बालोद स्टेशन का लोकार्पण, सीएम साय बोले—रेल विकास से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर,अमृत भारत स्टेशन योजना से यात्रियों, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बड़ा लाभ

छत्तीसगढ़ को मिली आधुनिक रेलवे स्टेशनों की सौगात: 17 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे सरोना और बालोद स्टेशन का लोकार्पण, सीएम साय बोले—रेल विकास से बदलेगी प्रदेश की तस्वीर,अमृत भारत स्टेशन योजना से यात्रियों, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बड़ा लाभ

डीआरएम दयानन्द ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को सौंपा केंद्रीय रेल मंत्री का आमंत्रण

रायपुर, 16 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित सरोना एवं बालोद रेलवे स्टेशन अब अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रियों की सेवा के लिए तैयार हैं। इन दोनों स्टेशनों का लोकार्पण 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से करेंगे। इस अवसर पर रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट कर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से उद्घाटन समारोह का औपचारिक आमंत्रण सौंपा।

भेंट के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों पर किए गए व्यापक विकास कार्यों, आधुनिक यात्री सुविधाओं, अधोसंरचना उन्नयन तथा स्टेशनों के नए स्वरूप पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। इससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलने के साथ-साथ प्रदेश के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे आज अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं, आकर्षक डिजाइन, बेहतर यात्री सेवाओं और अत्याधुनिक अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक विकास की धुरी है। रेलवे नेटवर्क मजबूत होने से व्यापार, उद्योग, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई ऊर्जा मिलती है। आधुनिक रेलवे स्टेशन स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास के नए अवसर भी सृजित करते हैं।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा। साथ ही इन क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों, पर्यटन और निवेश को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। नए रेल प्रोजेक्ट, स्टेशन आधुनिकीकरण और बेहतर रेल संपर्क से प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इससे आम नागरिकों की यात्रा आसान होगी, उद्योगों को मजबूती मिलेगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति प्राप्त होगी।

उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित एवं पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, दिव्यांगजन-अनुकूल, पर्यावरण हितैषी और यात्री सुविधाओं से युक्त बनाकर भारतीय रेलवे को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करना है। सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन का लोकार्पण भी इसी राष्ट्रीय अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।