साय सरकार का नया विजन: घर भी विकास भी,गृह निर्माण मंडल को मिली नई जिम्मेदारी,7 हजार से ज्यादा संपत्तियों की बिक्री 1500 करोड़ की कमाई,अब इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में बड़ी भूमिका निभाएगा मंडल

साय सरकार का नया विजन: घर भी विकास भी,गृह निर्माण मंडल को मिली नई जिम्मेदारी,7 हजार से ज्यादा संपत्तियों की बिक्री 1500 करोड़ की कमाई,अब इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में बड़ी भूमिका निभाएगा मंडल

घर से आगे बढ़कर अब इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का नया केंद्र बनेगा मंडल : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर । छत्तीसगढ़ में आवास निर्माण से आगे बढ़कर अधोसंरचना विकास को नई दिशा देने की पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नए लोगो का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब तक मुख्य रूप से आवास निर्माण तक सीमित रहा मंडल भविष्य में प्रदेश के अधोसंरचना विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और राज्य की विकास यात्रा को नई गति देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर परिवार का अपना पक्का घर होने का सपना होता है और राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार के गठन के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी गई थी। वर्तमान में प्रदेश में 10.50 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है तथा प्रतिदिन लगभग 1600 नए आवास तैयार किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आत्मसमर्पण करने वाले लोगों के पुनर्वास के लिए केंद्र सरकार से 15 हजार अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराए गए हैं। साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए भी विशेष आवासीय योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने आर्थिक चुनौतियों से उबरते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। मंडल ने 7,388 से अधिक परिसंपत्तियों का विक्रय कर 1,532 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है, जो संस्थागत सुधारों और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है।

उन्होंने सुशासन को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से 450 से अधिक शासकीय सेवाएं मोबाइल एप के जरिए उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में लगभग 65 हजार घरों में रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे परिवारों को बिजली बिल से राहत मिलेगी और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर आय अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग में व्यापक प्रशासनिक सुधार किए गए हैं। गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में नई पहचान देना प्रदेश के पूंजीगत व्यय और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि सरकार की आर्थिक सोच पूंजीगत व्यय करने वाले विभागों को वित्तीय और मानव संसाधनों के माध्यम से सक्षम बनाना है, जिससे राज्य में आर्थिक गतिविधियों को तेजी मिले। नई नीति के तहत अब आवासीय परियोजनाएं पर्याप्त बुकिंग के बाद ही शुरू की जाएंगी, जिससे वित्तीय जोखिमों को कम किया जा सके। मंत्री ने बताया कि वन टाइम सेटलमेंट योजना के माध्यम से वर्षों से लंबित परिसंपत्तियों के विक्रय में तेजी आई है, जिससे मंडल की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि नई कार्य संस्कृति और मांग आधारित परियोजनाओं के जरिए मंडल भविष्य में गुणवत्तापूर्ण तथा वित्तीय रूप से व्यवहारिक परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देगा।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 के आवास मेले में आवास बुक करने वाले हितग्राहियों के लिए आयोजित लकी ड्रा के विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और एलईडी टीवी सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए। सारंगढ़ की पूजा बरेठ को प्रथम पुरस्कार के रूप में कार प्रदान की गई।

इस अवसर पर मंडल का नया लोगो तैयार करने वाले अंशुल कश्यप को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि का चेक भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण, मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।