सहकारिता से स्वास्थ्य सुरक्षा का संकल्प : कुनकुरी में लगा निःशुल्क हेल्थ कैंप, जशपुर में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए तेज हुआ एचपीवी टीकाकरण अभियान
सहकारी सप्ताह के तहत स्वास्थ्य सेवाएं गांव तक पहुंचीं, 14–15 वर्ष की किशोरियों के लिए 31 अगस्त तक सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध
जशपुरनगर, 4 जुलाई। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के स्थापना दिवस के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में आयोजित सहकारी सप्ताह के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने और जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, कुनकुरी के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित जनऔषधि केंद्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान भी जिलेभर में तेज गति से संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करना है।
कुनकुरी में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। चिकित्सकों ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराईं। साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, स्वच्छता, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। मौसमी बीमारियों से बचाव और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सहकारिता विभाग, अपेक्स बैंक और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। अधिकारियों ने बताया कि सहकारी सप्ताह के दौरान जिलेभर में किसानों और आम नागरिकों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।
इसी बीच स्वास्थ्य विभाग द्वारा 31 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल में पात्र किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया जा रहा है। अभियान का लाभ उन किशोरियों को मिलेगा जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की है। आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या अन्य मान्य फोटो पहचान पत्र स्वीकार किए जा रहे हैं।
कलेक्टर रोहित व्यास ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है और शासन द्वारा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन केवल सर्वाइकल कैंसर ही नहीं, बल्कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले अन्य गंभीर संक्रमणों और कुछ प्रकार के कैंसर से भी सुरक्षा प्रदान करती है। यह वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित सुरक्षित टीका है और किशोरियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक इस सुविधा का लाभ पहुंचाने के लिए जिलेभर में जागरूकता अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है।
स्वास्थ्य और सहकारिता के इस संयुक्त प्रयास को जिले में जनस्वास्थ्य और जनकल्याण की दिशा में एक प्रभावी पहल माना जा रहा है, जहां एक ओर आम नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर किशोरियों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए समयबद्ध टीकाकरण अभियान को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

Reporter 