मुख्यमंत्री DAV स्कूल में RTE छात्रों से कराई मजदूरी: स्टूडेंट बोले– प्रिंसिपल जबरन काम करवाती है, कहती है फ्री में पढ़ते हो, ये तुम्हारा हक है

मुख्यमंत्री DAV स्कूल में RTE छात्रों से कराई मजदूरी: स्टूडेंट बोले– प्रिंसिपल जबरन काम करवाती है, कहती है फ्री में पढ़ते हो, ये तुम्हारा हक है

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के तिलसिवां स्थित मुख्यमंत्री DAV पब्लिक स्कूल में RTE (शिक्षा का अधिकार) के तहत पढ़ने वाले छात्रों से कथित तौर पर मजदूरी कराए जाने का मामला सामने आया है।

स्कूल की प्रिंसिपल पर बच्चों से निर्माण कार्य, पुताई और साफ-सफाई कराने का गंभीर आरोप लगा है। छात्रों और उनके परिजनों ने इस संबंध में कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में परिजनों ने बताया कि स्कूल परिसर में बच्चों से सीमेंट-रेत का मसाला बनवाया गया, दीवारों की पुताई कराई गई और अन्य निर्माण कार्य भी कराए गए।

छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल विधु शर्मा जबरन उनसे काम करवाती हैं और कहती हैं कि “फ्री में पढ़ते हो, इसलिए ये तुम्हारा हक है।” काम से मना करने पर टीसी काटने की धमकी भी दी जाती है।

छात्रों द्वारा दिए गए फोटो और वीडियो में बच्चे निर्माण सामग्री तैयार करते, सफाई करते और पुताई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये वीडियो 20-25 दिन पुराने हैं।

परिजनों का यह भी आरोप है कि जब वे इस मुद्दे पर बात करने स्कूल पहुंचे, तो प्रिंसिपल ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कहा कि “गेट के बाहर जाकर बात कीजिए, आपके बच्चों को फ्री में बैग, टेबल, बिजली और किताबें मिल रही हैं।”

इसके अलावा शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्कूल की एक कक्षा को प्रिंसिपल ने अपने पति के साथ आवास में तब्दील कर लिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अजय मिश्रा ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है।

टीम में सहायक संचालक योजना लता बेक को अध्यक्ष, बीईओ सूरजपुर हरेंद्र सिंह और सेजेस जयनगर की प्राचार्य पुष्पा राय को सदस्य बनाया गया है। टीम को सात दिनों के भीतर जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, स्कूल की प्रिंसिपल विधु शर्मा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि उनके खिलाफ द्वेषवश शिकायत की गई है और जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।