क्रशर प्लांट के गड्ढे में नहाने उतरा किशोर डूबा, दोस्त को बचाने गया था; SDRF ने निकाला शव

क्रशर प्लांट के गड्ढे में नहाने उतरा किशोर डूबा, दोस्त को बचाने गया था; SDRF ने निकाला शव

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में होली के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। बंद पड़े क्रशर प्लांट के गड्ढे में भरे पानी में नहाने गए 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्त को बचाने के लिए पानी में उतरा था, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण खुद ही डूब गया।

दंतेवाड़ा जिले के गीदम थाना क्षेत्र में नागलु सड़क किनारे स्थित एक बंद पड़े क्रशर प्लांट में डूबने से 13 साल के किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान आदर्श वाघमारिया (13) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक होली के दिन आदर्श अपने कुछ दोस्तों के साथ क्रशर प्लांट के गड्ढे में भरे पानी में नहाने के लिए गया था। खेलते-कूदते समय अचानक उसका एक दोस्त गहरे पानी में जाने लगा और डूबने की स्थिति में पहुंच गया। दोस्त को संकट में देखकर आदर्श तुरंत उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया।

बताया जा रहा है कि पानी के किनारे फिसलन होने के कारण आदर्श का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। हालांकि जिस दोस्त को बचाने के लिए वह पानी में उतरा था, वह सुरक्षित बाहर निकल आया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस के साथ राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की।

काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने बच्चे को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।