छग प्रांतीय अग्रवाल संगठन की बैठक में सामूहिक विवाह की तैयारियों पर चर्चा
40 जोड़े तय, सीएम साय होंगे मुख्य अतिथि
रायपुर । राजधानी में 3 मई 2026 को आयोजित होने वाले नि:शुल्क सामूहिक कन्या विवाह समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। अब तक 40 जोड़े तय हो चुके हैं, जबकि इस वर्ष 51 जोड़ों का विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शामिल होने की सहमति मिल चुकी है।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन की बैठक में रायपुर जिला अग्रवाल संगठन और महिला अग्रवाल संगठन के सदस्यों ने आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया। बैठक की अध्यक्षता डॉ अशोक अग्रवाल ने की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जोड़े पर लगभग एक लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और आयोजन को भव्य व पारदर्शी बनाने के लिए समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
बैठक में समाजसेवी दीनदयाल गोयल के योगदान की सराहना की गई। उनके सहयोग से सामाजिक कार्यों को लगातार मजबूती मिल रही है।
AHO गठन की दिशा में बड़ा कदम
बैठक में “अग्रवाल डॉक्टर फोरम” को विस्तार देते हुए “अग्रवाल हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (AHO)” के गठन पर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस मंच के जरिए चिकित्सा क्षेत्र में समाज की सेवा को नई दिशा देने की योजना बनाई गई है।
समितियों का गठन, जिम्मेदारियां तय
आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है। हर जिले में समन्वय समिति बनाने का भी निर्णय लिया गया है, ताकि कार्यक्रम का बेहतर संचालन हो सके।
बैठक में 100 से अधिक सदस्य शामिल हुए। सभी ने आयोजन को सफल बनाने और समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। आयोजकों का कहना है कि यह सामूहिक विवाह समारोह जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा और समाज में एक सकारात्मक संदेश देगा।

Reporter 