सर्किट हाउस में एंट्री रोकने पर भड़कीं भाजपा नेत्री, पुलिस से कहा- “प्रोटोकॉल नहीं पता क्या?
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दौरे के दौरान हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष गौरी गुप्ता और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला
घटना रविवार रात की है जब मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में रुके हुए थे। रिवर व्यू में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के बाद सीएम सर्किट हाउस पहुंचे थे, जिसके कारण वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। इसी दौरान भाजपा नेत्री गौरी गुप्ता ने अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए उन्हें गेट पर ही रोक दिया।
SP भी नहीं रोकता
एंट्री रोके जाने पर गौरी गुप्ता बुरी तरह भड़क गईं और पुलिसकर्मियों पर अपना रसूख दिखाने लगीं। वायरल वीडियो में उन्हें यह कहते सुना जा सकता है। “प्रोटोकॉल नहीं पता है क्या इन लोगों को? एसपी से बात कराना, एसपी कभी नहीं रोकता। हमारे ही सीएम हैं वो, समझे।”
उन्होंने खुद को संगठन का पदाधिकारी बताते हुए पुलिसकर्मियों को जमकर फटकार लगाई। काफी देर तक चले इस हंगामे और बहस के बाद, मौके पर मौजूद एक अन्य भाजपा नेता के हस्तक्षेप के बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति मिल सकी।
सोशल मीडिया पर चर्चा
भाजपा नेत्री के इस बर्ताव का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक ओर इसे सत्ता का रसूख बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन की तरफ से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान या शिकायत दर्ज नहीं की गई है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा जैसे संवेदनशील मामले में इस तरह की बहस ने प्रोटोकॉल और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Reporter 