महतारी वंदन योजनाः आर्थिक सहायता से बढ़ा महिलाओं का आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रही है। प्रतिमाह मिलने वाली 1,000 रुपये की सहायता राशि न केवल घरेलू जरूरतों को पूरा करने में सहायक साबित हो रही है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने का अवसर भी प्रदान कर रही है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 29 किश्तों में कुल 18,805.83 करोड़ रुपये की राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है
राजेश्वरी को मिला आर्थिक संबल
सक्ती जिले के ग्राम जेठा की निवासी श्रीमती राजेश्वरी सिदार बताती हैं कि योजना के तहत मिलने वाली राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा होती है। इससे उन्हें घरेलू आवश्यकताओं और दैनिक खर्चों को पूरा करने में सुविधा मिल रही है। नियमित आर्थिक सहयोग मिलने से वे परिवार की जिम्मेदारियों में अधिक सक्रिय भूमिका निभा पा रही हैं। उनका कहना है कि इस योजना ने उन्हें आर्थिक सुरक्षा के साथ आत्मविश्वास भी दिया है और अब वे स्वयं को अधिक सशक्त महसूस करती हैं।
मनिहारी स्टोर से आत्मनिर्भर बनीं शकुंतला
जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत चाम्पा ग्रामीण क्षेत्र की श्रीमती शकुंतला महंत ने महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग अपने छोटे मनिहारी स्टोर को बढ़ाने में किया। पहले सीमित आय के कारण परिवार की जरूरतें पूरी करना कठिन था, लेकिन उन्होंने हर माह मिलने वाली सहायता राशि को व्यवसाय में निवेश करना शुरू किया। धीरे-धीरे दुकान में नए सामान जुड़ते गए और ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी। आज उनका स्टोर परिवार की आय का मजबूत आधार बन चुका है। इससे वे बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च और अन्य आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रही हैं।
योजना बन रही बदलाव की प्रेरणा
दोनों हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में नई आशा, विश्वास और बेहतर भविष्य की उम्मीद जगाई है। प्रदेश भर में हजारों महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

Reporter 