CG- दोहरे हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा, टीचर का पति निकला हत्यारा, रुपये की लालच में पहले महिला की हत्या, फिर बेटे को उतारा मौत के घाट…..

CG- दोहरे हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा, टीचर का पति निकला हत्यारा, रुपये की लालच में पहले महिला की हत्या, फिर बेटे को उतारा मौत के घाट…..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में टीचर रजनी बरेठ और उनके 12वीं क्लास में पढ़ने वाले बेटे सुजल बरेठ की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी टीचर की सहेली का पति है। मामला जयनगर एवं विश्रामपुर थाना क्षेत्र का है।

मामले की जांच अंबिकापुर साइबर सेल और सूरजपुर पुलिस की संयुक्त टीम कर रही थी। गुरुवार को पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची। यहां वारदात को समझने के लिए क्राइम सीन का रिक्रिएशन कराया गया।

गुरुवार रात पुलिस आरोपी को लेकर अंबिकापुर के तेंदूपारा पहुंची। वहां एक परिचित के घर से मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया। सूरजपुर SP योगेश पटेल ने बताया कि आरोपी ने मृतका से पैसे मांगे थे। देने से मना करने पर उसकी हत्या कर दी। बेटे को घर में उसके आने की जानकारी थी, इसलिए उसे भी मार डाला।

पढ़िए क्या है पूरा मामला ?

10 अक्टूबर की सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से लगी ग्रामीण सड़क किनारे एक युवक का शव मिला था। युवक की हत्या के बाद शव सड़क किनारे फेंका गया था।

मृतक की पहचान बिश्रामपुर के कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं के छात्र सुजल बरेठ (18) के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सुजल की स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में खड़ी है।

देर रात पुलिस सुजल के घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला। उसकी मां रजनी बरेठ का भी पता नहीं चल रहा था। इसके बाद बिश्रामपुर पुलिस ने सुजल के रिश्तेदारों को मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा गया।अंदर बाथरूम में सुजल की मां रजनी बरेठ (40) का शव संदिग्ध हालत में मिला।

स्कूल की टीचर के पति को दूसरे राज्य से हिरासत में लिया

रजनी बरेठ बेलटिकरी के  सरकारी स्कूल में टीचर थीं। पति से 5 साल पहले तलाक के बाद वह अपने बेटे सुजल के साथ विश्रामपुर थाना क्षेत्र के केशवनगर में किराए के मकान में रहती थी। घटना के बाद पुलिस ने कई संदेहियों से पूछताछ की।

मामला ब्लाइंड मर्डर का होने के कारण सूरजपुर एसपी ने अंबिकापुर एसपी से बात की। इसके बाद अंबिकापुर साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया। साइबर सेल और सूरजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कई संदिग्धों से पूछताछ की। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों के मोबाइल की लोकेशन भी निकाली गई।

जांच के दौरान रजनी बरेठ के स्कूल में पदस्थ एक महिला टीचर के पति परवेश उर्फ प्रवेश कुमार (36 वर्ष) निवासी करनाथ हरियाणा, वर्तमान निवास चोपड़ापारा कॉलोनी विश्रामपुर की भूमिका संदिग्ध मिली। जांच के बीच संदिग्ध फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। गुरुवार को पुलिस ने आरोपी और उसकी टीचर पत्नी को थाने बुलाकर कई घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची।

यहां वारदात को समझने के लिए क्राइम सीन का रिक्रिएशन कराया गया। देर शाम पुलिस आरोपी को लेकर अंबिकापुर के तेंदूपारा पहुंची। वहां उसके एक परिचित के घर से कुछ मोबाइल फोन, ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई आरोपी की कार भी जब्त कर ली है।

CCTV फुटेज से मिला सुराग

मामले की जांच कर रही पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक व्यक्ति टीचर के घर की ओर जाते दिखा था। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि एक व्यक्ति वैसे ही टीशर्ट एवं कपड़े पहने विश्रामपुर स्थित एक कार वाशिंग सेंटर में कार धुलवाने पहुंचा था। गाड़ी नंबर से व्यक्ति की शिनाख्त प्रवेश कुमार के रूप में हुई।

पूछताछ में प्रवेश कुमार ने रजनी बरेठ व सुजल बरेठ की हत्या करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी और रजनी बरेठ दोनों एक ही स्कूल में टीचर थी, जिसके कारण आरोपी का रजनी बरेट के घर आना-जाना था। आरोपी ने मोटर्स-पाटर्स व्यवसाय के लिए 20 लाख रूपये का लोन लिया था और उसे पैसे की जरूरत थी। रजनी बरेट ने 19 लाख रूपये का लोन लिया था।

09 अक्टूबर 2026 की दोपहर आरोपी ने अपनी गाड़़ी धुलवाने के लिए वाशिंग सेंटर में दी और वह रजनी बरेट के घर पैदल पहुंचा था। रजनी शाम को ड्यूटी से लौटी तो सुजल ट्यूशन के लिए घर से चला गया।

प्रवेश कुमार ने रजनी बरेट से पैसे मांगे। उसने पैसे देने से मना कर दिया। पैसों की लालच में प्रवेश कुमार ने रजनी बरेट से झूमाझटकी की और जब रजनी भागने लगी तो आरोपी ने उसे बाथरूम में खींचकर उसके सिर पर शैम्पू की बोतल मारा और गला दबाकर रजनी की हत्या कर दी।

सबूत मिटाने बेटे को मार डाला

आरोपी ने बताया कि सुजल को पता था कि घर पर उसकी मॉ और आरोपी हैं। वह रजनी की स्कूटी लेकर निकला और नायरा पेट्रोल पंप के आगे स्कूटी खड़ी कर वॉशिंग सेंटर लौटा। वहां से उसने अपनी कार ली और रजनी के घर जाने वाले रास्ते के तिराहे पर करीब एक घंटे तक सुजल का इंतजार किया। रात करीब 9 बजे सुजल आया तो उसने कहा कि तेरी मम्मी मेरे घर पर हैं।

आरोपी सुजल को कार में बैठकर घूमाते हुए अम्बिकापुर लेकर आया और उसे मैगी खिलाया। रात को वे राईं जंगल में बाथरूम के बहाने रूके, जहां आरोपी ने सुजल के गले में स्टॉक कसकर मारने की कोशिश की।

सुजल भागने लगा तो सड़क किनारे पड़े सीमेंट खंभे के टुकड़े से उसके सिर एवं सीने में वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को कार में रखकर वह कालीघाट पहुंचा, जहां ग्रामीण सड़क किनारे उसने सुजल का शव फेंक दिया।