छत्तीसगढ़ के 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 80 किमी तक चलेगी हवा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के 30 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 5 जिलों में ऑरेंज और 25 जिलों में यलो अलर्ट है। राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, सुकमा और कांकेर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ी है। इसके चलते बारिश और तेज हवा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। राजधानी रायपुर में मंगलवार रात तेज बारिश हुई, जो देर रात तक जारी रही। आज भी शहर और आसपास के इलाकों में बारिश के साथ तेज हवा चल सकती है।
धमतरी-गरियाबंद-महासमुंद में 80 किमी की रफ्तार
मौसम विभाग के अनुसार धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है। इसके अलावा कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवा चल सकती है।
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़ और कोरबा समेत कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। इन इलाकों में बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना भी जताई गई है।
25 जिलों में यलो अलर्ट
बलरामपुर, कोरिया समेत 25 जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज आंधी के दौरान पेड़, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहने की जरूरत है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा सबसे ठंडा
बारिश और बादलों के बीच प्रदेश के तापमान में भी उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव 33.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। वहीं पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश और तेज हवा का असर बना रह सकता है।

Reporter 