छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रदर्शनी को मिला द्वितीय पुरस्कार
00 हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़ थीम पर आधारित प्रदर्शनी को सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रम श्रेणी में मिला सम्मान
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़ थीम पर आयोजित आकर्षक एवं तकनीक आधारित प्रदर्शनी को सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के उपक्रम श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। राज्योत्सव के समापन समारोह में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शेख समी उर रहमान ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।
छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर अटल नगर, नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान में 1 से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित इस राज्योत्सव में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रदर्शनी लोगों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रही। हमर रेलवे, हमर छत्तीसगढ़ की भावना को साकार करती इस प्रदर्शनी की संपूर्ण प्रस्तुति में भगवा रंग को प्रमुखता दी गई थी, जो इसे एक विशिष्ट एवं आकर्षक पहचान प्रदान कर रहा था। प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन और रेलवे के बीच संवाद एवं संपर्क को मजबूत करना तथा रेलवे की विकास यात्रा, उपलब्धियों, आधुनिक तकनीक, अधोसंरचना विकास एवं यात्री सुविधाओं की जानकारी रोचक और सहज माध्यमों से जन-जन तक पहुँचाना रहा।
प्रदर्शनी में आकर्षक बैकलिट पैनल्स के माध्यम से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की प्रमुख उपलब्धियों, नई रेल लाइन परियोजनाओं, पूर्ण हो चुकी एवं वर्तमान में प्रगतिरत अधोसंरचना परियोजनाओं तथा आधुनिक रेल सुविधाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों तक रेल कनेक्टिविटी के विस्तार और रेलवे द्वारा यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
Reporter 