सहकारिता को जनआंदोलन बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत दे रही साय सरकार, किसानों की समृद्धि पर फोकस
रायपुर । सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह का भव्य शुभारंभ जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, रायपुर में हुआ। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सहकारिता केवल संस्थागत व्यवस्था नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से आर्थिक और सामाजिक विकास का सशक्त मॉडल है। साय सरकार का लक्ष्य सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना और किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के बाद देश में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा और पहचान मिली है। केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में पिछले पांच वर्षों के दौरान किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, जिनका लाभ देशभर में देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। प्राथमिक कृषि साख समितियों को सशक्त बनाया जा रहा है, किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने के साथ किसानों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।
कश्यप ने कहा कि "साथ मिलकर विकास" ही सहकारिता का मूल मंत्र है और इसी भावना के साथ आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी पारदर्शिता, सेवा भावना और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सहकारिता सप्ताह केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सहकारिता की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी पहलों को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। सप्ताहभर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को सहकारिता आंदोलन से जोड़ने और ग्रामीण विकास को नई ऊर्जा देने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सहकारिता आंदोलन के जनक पंडित वामनराव बलिराम लाखे की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।

Reporter 