छत्तीसगढ़ के 'स्पेशल चैंपियन' का विश्व मंच पर कमाल, स्वीडन में भारतीय फुटबॉल टीम की जर्सी पहनकर खेलेंगे सत्यांशु दीप
धमतरी के सार्थक स्कूल के छात्र का स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया ट्रॉफी-2026 के लिए भारतीय टीम में चयन, पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण
धमतरी। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा देने वाली बड़ी उपलब्धि सामने आई है। धमतरी जिले के समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित विशेष विद्यालय 'सार्थक स्कूल' के छात्र सत्यांशु दीप का चयन स्पेशल ओलंपिक्स भारत की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में हुआ है। सत्यांशु 12 से 16 जुलाई 2026 तक स्वीडन में आयोजित होने वाली स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया ट्रॉफी-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि केवल धमतरी ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए सम्मान और गौरव का विषय है।
सत्यांशु दीप ने अपनी कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई है। उनकी यह सफलता इस बात का सशक्त प्रमाण है कि प्रतिभा किसी भी सीमा की मोहताज नहीं होती। उचित प्रशिक्षण, सकारात्मक मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर विशेष आवश्यकता वाले खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित एवं अनुदानित विशेष विद्यालयों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल, जीवनोपयोगी कौशल और व्यक्तित्व विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना है। सत्यांशु का राष्ट्रीय टीम में चयन विभाग की समावेशी शिक्षा और खेल प्रोत्साहन की पहल की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
इस उपलब्धि पर धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सत्यांशु, उनके अभिभावकों, प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवार और समाज कल्याण विभाग को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सत्यांशु स्वीडन में शानदार प्रदर्शन कर भारत के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी विश्व स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
कलेक्टर ने कहा कि सत्यांशु की सफलता समावेशी शिक्षा, खेल संस्कृति और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी उदाहरण है। यह उपलब्धि प्रदेश के हजारों विशेष बच्चों के लिए नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संदेश लेकर आई है।
समाज कल्याण विभाग, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और प्रशिक्षकों ने सत्यांशु के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके माता-पिता के निरंतर सहयोग और विश्वास की भी सराहना की।

Reporter 