रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग अभियान, 372 मामलों में 2 लाख से ज्यादा का वसूला जुर्माना

रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग अभियान, 372 मामलों में 2 लाख से ज्यादा का वसूला जुर्माना

बिलासपुर। यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए प्रेरित करने और बिना टिकट यात्रा पर सख्ती से रोक लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर रेलवे स्टेशन में 25 फरवरी को औचक टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।

यह विशेष अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) सहित टिकट चेकिंग स्टाफ और टीटीई की विशेष टीम शामिल रही।

चेकिंग अभियान के दौरान बिलासपुर स्टेशन के साथ-साथ बिलासपुर–चांपा रेलखंड के बीच संचालित कुल 17 ट्रेनों में सघन जांच की गई।

इस दौरान प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज और ट्रेनों के कोचों में यात्रियों के टिकट की बारीकी से जांच की गई। कार्रवाई के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट से यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए। जांच में कुल 372 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे 2 लाख 19 हजार 830 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिना टिकट यात्रा करने के 303 मामलों में 1 लाख 90 हजार 625 रुपये, अनियमित टिकट के 59 मामलों में 28 हजार 205 रुपये तथा बिना बुक कराए गए लगेज के 10 मामलों में 1 हजार रुपये की वसूली की गई। इस अभियान से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में अनुशासन बनाए रखने में काफी मदद मिली है।

अधिकारियों ने यात्रियों को जागरूक करते हुए अपील की कि वे यात्रा से पहले वैध टिकट अवश्य खरीदें और स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफार्म टिकट लेना न भूलें।

साथ ही एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए केवल फुटओवर ब्रिज का उपयोग करें। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से रेल संपत्ति को स्वच्छ, सुरक्षित और संरक्षित बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। भविष्य में भी ऐसे औचक चेकिंग अभियान जारी रहने की बात कही गई है, ताकि बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।