गर्लफ्रेंड के साथ नर्सरी में रंगरेलियां मनाते पकड़ाया फॉरेस्ट गार्ड, युवकों ने डांस कराकर की जमकर पिटाई
सूरजपुर। जिले से एक सनसनीखेज और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक फॉरेस्ट गार्ड को उसकी गर्लफ्रेंड के साथ नर्सरी परिसर में आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया।
ग्रामीण युवकों ने मौके पर पहुंचकर न केवल उसे रंगे हाथों पकड़ा, बल्कि उसके साथ जमकर मारपीट भी की। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे मामला और अधिक तूल पकड़ता जा रहा है।
घटना जिले की एक सरकारी नर्सरी की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉरेस्ट गार्ड अपनी महिला मित्र के साथ नर्सरी परिसर में मौजूद था।
इसी दौरान कुछ ग्रामीण युवक वहां पहुंचे और दोनों को संदिग्ध स्थिति में देख लिया। युवकों ने गार्ड को पकड़ लिया और उसकी गर्लफ्रेंड के सामने ही डंडे और बेल्ट से उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान युवकों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया और पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया।
वीडियो में फॉरेस्ट गार्ड वर्दी में दिखाई दे रहा है और कई युवक उसे घेरकर मारते-पीटते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, मोबाइल में तेज आवाज में गाने बजाकर उससे जबरन डांस भी कराया गया।
युवकों ने उसे अपमानित करते हुए लगातार धमकाया और गाली-गलौज भी की। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली और कर्मचारी की छवि पर सवाल उठ रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों और सरकारी कर्मचारी के अनुचित आचरण, दोनों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Reporter 