होली पर सख्ती: पुलिस ने जब्त किए 300 डरावने मुखौटे, व्यापारियों को चेतावनी
कांकेर/जांजगीर। रंगों का पर्व होली नजदीक आते ही बाजार पूरी तरह सज गए हैं। कांकेर के गोल बाजार सहित मुख्य मार्गों और मोहल्लों में रंग-गुलाल, पिचकारी और पूजन सामग्री की अस्थायी दुकानें सजी हैं। सुबह से देर रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस बार पारंपरिक पिचकारियों के साथ हथौड़ी, तलवार, आर्मी गन, मथानी और टैंक डिजाइन की पिचकारियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। वहीं हर्बल और प्राकृतिक रंगों की मांग भी बढ़ी है।
इधर जांजगीर में पुलिस ने होली को लेकर सख्ती दिखाई है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाकर विभिन्न दुकानों की जांच की गई। इस दौरान लगभग 300 डरावने और भ्रामक मुखौटे जब्त किए गए। पुलिस का मानना है कि कुछ असामाजिक तत्व ऐसे मुखौटों का उपयोग कर पहचान छिपाकर हुड़दंग या आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि डरावने, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले मुखौटे और सामान की बिक्री न करें।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।

Reporter 