छत्तीसगढ़ राज्यसभा: BJP ने लक्ष्मी वर्मा को बनाया प्रत्याशी

छत्तीसगढ़ राज्यसभा: BJP ने लक्ष्मी वर्मा को बनाया प्रत्याशी

रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी हाईकमान ने छह राज्यों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसमें छत्तीसगढ़ से उनका नाम शामिल है। छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इस बार पार्टी ‘मातृशक्ति’ को प्राथमिकता देने की रणनीति पर काम कर रही थी। संगठन में सक्रिय भूमिका और महिला वर्ग में मजबूत पकड़ के कारण लक्ष्मी वर्मा का नाम सबसे आगे चल रहा था। केंद्रीय नेतृत्व से भी उनके नाम को लेकर सकारात्मक संकेत मिल रहे थे। इससे पहले शुरुआती पैनल में सरोज पांडेय, भूपेंद्र सवन्नी, किरण बघेल और निर्मल समेत अन्य नाम भी शामिल थे, लेकिन अंतिम दौर में तीन दावेदारों के बीच मुकाबला सिमट गया।

नारायण चंदेल और डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी भी मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। दोनों का संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक पृष्ठभूमि प्रभावशाली है, लेकिन महिला प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने की रणनीति ने समीकरण बदल दिए।

वर्तमान में छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में पांच सदस्य हैं। 9 अप्रैल 2026 तक फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। राज्यसभा चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से होता है, जिसमें विधायक मतदान करते हैं। 90 सदस्यीय विधानसभा में दो सीटों के लिए जीत का कोटा 31 प्रथम वरीयता मत तय होता है। जो उम्मीदवार यह आंकड़ा पार कर लेता है, उसकी जीत सुनिश्चित मानी जाती है।