बिलासपुर जोन से चलेंगी 8 होली स्पेशल ट्रेनें: 7 राज्यों के यात्रियों को राहत, दुर्ग-रायगढ़ मेमू रहेगी बंद

बिलासपुर जोन से चलेंगी 8 होली स्पेशल ट्रेनें: 7 राज्यों के यात्रियों को राहत, दुर्ग-रायगढ़ मेमू रहेगी बंद

बिलासपुर। होली पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। जोन से 14 फेरों के लिए 8 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा छत्तीसगढ़ से होकर गुजरने वाली 56 फेरों की होली स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन ट्रेनों से छत्तीसगढ़ सहित महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बिहार समेत सात राज्यों के यात्रियों को कन्फर्म बर्थ की सुविधा मिलेगी। होली के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक और कर्मचारी अपने गृह राज्य लौटते हैं, जिससे नियमित ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ हो जाती है।

वर्तमान स्थिति यह है कि कई प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 250 से 300 तक पहुंच चुकी है। कई रूटों पर यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। कोचों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। इसी दबाव को कम करने के लिए रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का निर्णय लिया है।

बिलासपुर, दुर्ग और गोंदिया जैसे प्रमुख स्टेशनों से इन ट्रेनों का संचालन होगा। यात्रियों को दिल्ली, पटना, छपरा, मधुबनी, हजरत निजामुद्दीन और चर्लपल्ली सहित देश के विभिन्न गंतव्यों तक अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। इससे त्योहार के दौरान सुरक्षित और सुगम यात्रा संभव हो सकेगी।

हालांकि, रेलवे ने होली के दिन दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन को रद्द रखने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और लंबी दूरी की ट्रेनों पर फोकस करने के लिए यह फैसला लिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से समय पर टिकट बुक कराने और आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की है।