राज्यसभा चुनाव से पहले 26 नेता निर्विरोध निर्वाचित: शरद पवार, रामदास आठवले, विनोद तावड़े और सिंघवी शामिल; 11 सीटों पर मुकाबला

राज्यसभा चुनाव से पहले 26 नेता निर्विरोध निर्वाचित: शरद पवार, रामदास आठवले, विनोद तावड़े और सिंघवी शामिल; 11 सीटों पर मुकाबला

दिल्ली। 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव से पहले 26 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इनमें कई बड़े राजनीतिक चेहरे शामिल हैं। प्रमुख नामों में एनसीपी (शरद) प्रमुख शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, भाजपा नेता विनोद तावड़े और कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी शामिल हैं।

दरअसल कई राज्यों में विपक्षी दलों ने उम्मीदवार नहीं उतारे या सीटों के मुकाबले उतने ही प्रत्याशी मैदान में रहे, जिसके कारण इन नेताओं का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया। हालांकि अभी भी 11 सीटों पर मुकाबला होना बाकी है, जिनके लिए मतदान 16 मार्च को कराया जाएगा।

महाराष्ट्र की 7 सीटों पर सभी उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। यहां शरद पवार, रामदास आठवले, विनोद तावड़े, रामराव वडुकुटे, माया इवनाते, ज्योति वाघमारे और पार्थ पवार राज्यसभा पहुंच गए हैं। वहीं तमिलनाडु की 6 सीटों पर भी उम्मीदवार बिना मुकाबले जीत गए, जिनमें तिरुची शिवा, जे कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन, एम. क्रिस्टोफर तिलक, एल.के. सुदीश, एम. थंबीदुरई और अंबुमणि रामदास शामिल हैं।

पश्चिम बंगाल से 5 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें भाजपा के राहुल सिन्हा के साथ तृणमूल कांग्रेस के बाबुल सुप्रियो, पूर्व डीजीपी राजीव कुमार, वरिष्ठ वकील मेनका गुरुस्वामी और अभिनेत्री कोएल मलिक शामिल हैं। इसके अलावा असम से जोगेन मोहन, तेरोस गोवाला और प्रमोद बोरो निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।

तेलंगाना से कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी, जबकि छत्तीसगढ़ से भाजपा की लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की फूलो देवी नेताम राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गई हैं। हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस के अनुराग शर्मा भी बिना मुकाबले जीत गए।

अब बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटों पर चुनाव होना बाकी है। इन 11 सीटों के लिए 14 उम्मीदवार मैदान में हैं। माना जा रहा है कि बिहार से मुख्यमंत्री नितिश कुमार और भाजपा नेता नितिन नबीन के राज्यसभा पहुंचने की संभावना है।