लोकसभा में विपक्ष ने ‘मोदी हटाओ’ के नारे लगाए: पश्चिम एशिया संकट पर बहस की मांग, 35 मिनट में स्थगित हुई कार्यवाही
दिल्ली। संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण के दूसरे दिन लोकसभा की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध, भारत की ऊर्जा सुरक्षा और बढ़ती गैस कीमतों को लेकर चर्चा की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की। लगातार हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही करीब 35 मिनट ही चल सकी और बाद में इसे दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
सदन में विपक्षी सांसदों ने ‘देश को बचाना है, मोदी को हटाना है’, ‘मोदी सरकार शेम-शेम’ और ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ जैसे नारे लगाए। साथ ही चुनाव आयोग पर वोट की दलाली करने का आरोप लगाते हुए सरकार के खिलाफ विरोध जताया। विपक्ष का कहना था कि पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष का भारत की ऊर्जा सुरक्षा और घरेलू गैस आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है, इसलिए इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा कराई जाए।
प्रश्नकाल के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों और कृषि से जुड़े सवालों के जवाब दिए। उन्होंने कहा कि गेहूं और चावल उत्पादन के मामले में भारत ने चीन को पीछे छोड़ दिया है और देश कृषि उत्पादन में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। हालांकि उनके भाषण के दौरान भी विपक्षी सांसद लगातार नारेबाजी करते रहे।
हंगामे के बीच शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष निचले स्तर की राजनीति कर रहा है और देश जनता इस तमाशे को देख रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ राज्यों, खासकर पश्चिम बंगाल में विपक्षी दल केंद्र की कई योजनाओं को लागू नहीं होने दे रहे हैं।
उधर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध से भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि कई शहरों में कुकिंग गैस की कमी की खबरें सामने आ रही हैं और सरकार को इस पर स्पष्ट नीति बतानी चाहिए।
इस बीच कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने संकेत दिए कि यदि सदन सुचारू रूप से चलता है तो विपक्ष आज लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की मांग कर सकता है। वहीं सूत्रों के मुताबिक विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है।

Reporter 