आकाशवाणी के 90 वर्ष : कल सजेगा स्वरोत्सव, लोक और शास्त्रीय संगीत की विशेष प्रस्तुति
रायपुर। आकाशवाणी भारतीय रेडियो प्रसारण के गौरवमयी 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी रायपुर द्वारा 22 मई को राजधानी रायपुर में भव्य संगीत संध्या स्वरोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रायपुर के शांति नगर स्थित विमतारा ऑडिटोरियम में सायं 6:30 बजे से रात्रि 10 बजे तक आयोजित होगा।
देश की समृद्ध प्रसारण परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और जनसंचार में रेडियो की ऐतिहासिक भूमिका को समर्पित इस विशेष आयोजन में लोक, सुगम और शास्त्रीय संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी। आकाशवाणी ने कहा है कि पिछले नौ दशकों में रेडियो ने देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के सशक्त माध्यम के रूप में रेडियो ने गांव से लेकर महानगर तक करोड़ों लोगों को जोडऩे का कार्य किया है। बदलती तकनीक और डिजिटल युग के बावजूद आकाशवाणी आज भी विश्वसनीय और जनप्रिय प्रसारण माध्यम के रूप में अपनी पहचान बनाए हुए है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। सुप्रसिद्ध गायिका श्वेता शिवाले हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति देंगी। उनके साथ सुगम शिवाले हारमोनियम तथा रामचन्द्र सर्रे तबले पर संगत करेंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत की विविध रचनाओं के साथ भारतीय संगीत परंपरा की गरिमा और गहराई का अनुभव श्रोताओं को मिलेगा।
Share this post with:

Reporter 