CJP PROTEST UPDATE : FIR नहीं हटी तो फिर देशभर में आंदोलन
रायपुर। NEET पेपर लीक विवाद को लेकर आंदोलन करने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार को फिर चेतावनी दी है। संगठन ने कहा है कि अगर प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं रुकी और दर्ज FIR वापस नहीं ली गईं, तो देशभर में दोबारा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
CJP का आरोप है कि 25 जुलाई को केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ हुए समझौते के बाद भी प्रदर्शनकारियों को निशाना बनाया जा रहा है। संगठन के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि सरकार ने आंदोलन खत्म कराने के लिए कार्रवाई नहीं करने का भरोसा दिया था, लेकिन अब छात्रों और वॉलंटियर्स पर FIR और गिरफ्तारी की कार्रवाई हो रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ अधिवक्ता और सपा सांसद कपिल सिब्बल ने प्रदर्शनकारी छात्रों को कानूनी मदद देने के लिए 1 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की मदद के लिए एक वेबसाइट बनाई जाएगी और जिला स्तर पर वकीलों का पैनल तैयार किया जाएगा।
CJP ने दावा किया कि कई राज्यों में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR और गिरफ्तारियां हुई हैं। संगठन ने कहा कि छात्रों की मदद के लिए ‘साक्षी’ नाम का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी शुरू किया जाएगा, जहां पुलिस कार्रवाई से जुड़े वीडियो और तस्वीरें अपलोड की जा सकेंगी।
अब CJP ने साफ कर दिया है कि अगर सरकार ने कार्रवाई नहीं रोकी, तो 36 दिनों के आंदोलन के बाद एक बार फिर देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जा सकता है।

Reporter 