CYBER ATTACK : 178 वेबसाइट पर साइबर हमला, ऐसे हो रही थी चोरी!
नई दिल्ली। दुनिया के कई बड़े ब्रांड की वेबसाइट्स पर साइबर हमले का खुलासा हुआ है। इस हमले की चपेट में Zoom, BBC, CNN, IKEA, HSBC, Salesforce और GitLab समेत करीब 178 संस्थानों के नाम सामने आए हैं। हैरानी की बात यह है कि हैकर्स ने इन कंपनियों के सिस्टम में सीधे सेंध लगाने के बजाय थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म Optimizely Web को निशाना बनाया।
वेबसाइट पर डाला गया खतरनाक कोड
रिपोर्ट के मुताबिक, 16 नवंबर को सामने आए इस मामले में हैकर्स ने Optimizely Web के जरिए वेबसाइट्स पर खतरनाक JavaScript कोड इंजेक्ट किया। यह कोड आधिकारिक CDN डोमेन से लोड हो रहा था, जिससे वेबसाइट का बाकी सिस्टम बदले बिना यूजर्स को निशाना बनाया जा सकता था।
कॉपी करते ही बदल जाता था वॉलेट एड्रेस
मैलवेयर Bitcoin, Ethereum, Solana, TRON, Litecoin और Dogecoin जैसे क्रिप्टो नेटवर्क के वॉलेट एड्रेस पहचान सकता था। यूजर जैसे ही किसी वॉलेट का पता कॉपी करता, यह उसकी जगह हैकर का एड्रेस डाल देता था। ऐसे में पैसे सही समझे जाने वाले पते पर भेजने के बावजूद हैकर के खाते में पहुंच सकते थे।
कार्ड की जानकारी भी खतरे में
इस कोड में ऑनलाइन पेमेंट फॉर्म से डेबिट-क्रेडिट कार्ड नंबर, एक्सपायरी डेट और CVV चुराने की क्षमता भी बताई गई है। रिपोर्ट में iPhone और iPad यूजर्स को निशाना बनाने के लिए Coruna और DarkSword जैसे iOS एक्सप्लॉइट किट का भी जिक्र है।
इस घटना के बाद ऑनलाइन भुगतान या क्रिप्टो ट्रांजैक्शन करते समय रिसीवर का नाम और वॉलेट एड्रेस दोबारा जांचना बेहद जरूरी है।
Reporter 