सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा से गूंजेगा छत्तीसगढ़, मुख्यमंत्री आज दिखाएंगे विशेष ट्रेन को हरी झंडी, 1000 विशिष्टजन करेंगे सोमनाथ धाम की यात्रा, संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव से जुड़ेगा प्रदेश
रायपुर, 22 जून 2026। भारतीय संस्कृति, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक सोमनाथ धाम से जुड़ने के लिए छत्तीसगढ़ से आज एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ होने जा रहा है। “सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा” के अंतर्गत प्रदेश के लगभग 1000 विशिष्टजन विशेष ट्रेन के माध्यम से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम की यात्रा करेंगे। यात्रा का शुभारंभ आज प्रातः 9 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल करेंगे। इसके अलावा सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, महापौर तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक समारोह में शामिल होंगे।
22 से 26 जून तक आयोजित होने वाली यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक विरासत और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व देश की उस गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है, जिसने अनेक चुनौतियों के बावजूद अपनी सांस्कृतिक पहचान और आस्था को अक्षुण्ण बनाए रखा।
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में छत्तीसगढ़ की यह यात्रा एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक जड़ों, आध्यात्मिक धरोहर और राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना है।
यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित विशिष्टजन, पद्म सम्मान प्राप्त व्यक्तित्व, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित कलाकार, साहित्यकार, लोक कलाकार, संस्कृतिकर्मी, समाजसेवी तथा जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इनके माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन भी होगा।
प्रतिभागी अपने-अपने क्षेत्रों की पवित्र मिट्टी और नदियों का जल लेकर सोमनाथ पहुंचेंगे, जो भारत की सांस्कृतिक एकता, आध्यात्मिक समरसता और राष्ट्रीय अखंडता का प्रतीक बनेगा।
यात्रा के दौरान प्रतिभागियों को सोमनाथ मंदिर के दर्शन के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, कला यात्राएं, संवाद कार्यक्रम तथा ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण इस यात्रा के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
संस्कृति विभाग के अनुसार यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी जिलों से चयनित प्रतिभागियों के स्वास्थ्य परीक्षण, यात्रा व्यवस्था और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। विशेष ट्रेन के माध्यम से यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय एकता का जीवंत उत्सव है। छत्तीसगढ़ से प्रारंभ होने वाली यह यात्रा प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं, कला, साहित्य और आध्यात्मिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान प्रदान करेगी।

Reporter 