संजय सरावगी को बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की कमान
बिहार भारतीय जनता पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय नेतृत्व ने दरभंगा शहरी से विधायक संजय सरावगी को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके नाम पर मुहर लगते ही संगठन में नई टीम और रणनीति को लेकर हलचल तेज हो गई है।

संजय सरावगी का जन्म 28 अगस्त 1969 को हुआ। वे छात्र जीवन से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे हैं। वर्ष 1995 में उन्होंने भाजपा की औपचारिक सदस्यता ली, जिसके बाद उन्हें युवा मोर्चा में संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गईं। यहीं से उनके राजनीतिक सफर को दिशा मिली।
राजनीति में उनकी शुरुआत नगर निगम से हुई। उन्होंने दरभंगा नगर निगम के वार्ड संख्या छह से पहला चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। इसके बाद पार्टी में उनका कद लगातार बढ़ता गया।
मार्च 2005 में भाजपा ने उन्हें दरभंगा शहरी विधानसभा सीट से मैदान में उतारा। अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की। इसके बाद से संजय सरावगी लगातार इस सीट से निर्वाचित होते आ रहे हैं। उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की है।
2025 के विधानसभा चुनाव में संजय सरावगी ने विकासशील इंसान पार्टी के नेता उमेश सहनी को बड़े अंतर से हराया था। संगठनात्मक अनुभव और लगातार चुनावी सफलता को देखते हुए पार्टी ने उन्हें बिहार भाजपा की कमान सौंपी है।

Reporter 