कुरूद का प्रत्येक युवा हुनरमंद बने, यही हमारा लक्ष्य : चंद्राकर
कुरूद में शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय नवीन भवन का भूमिपूजन, शिक्षा और स्वास्थ्य को मिली नई दिशा
धमतरी । धमतरी जिला अब छत्तीसगढ़ के शैक्षणिक मानचित्र पर एक सशक्त केंद्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। इसी क्रम में आज धमतरी जिले के विकासखंड मुख्यालय कुरूद में शासकीय विधि महाविद्यालय के समीप शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय के नवीन भवन का भूमिपूजन समारोह विधायक अजय चंद्राकर के मुख्य अतिथ्य में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। साथ ही नवीन स्टाफ क्वाटर का भी भूमि पूजन हुआ ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक महस्के ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरन साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भानु चन्द्राकर एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी साहू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.यू.एल. कौशिक, डी पी एम प्रिया कवर सहित जनप्रतिनिधिगण, स्वास्थ्य अमला, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।यह महाविद्यालय प्रदेश के अग्रणी शासकीय नर्सिंग संस्थानों में से एक माना जा रहा है, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम का आयोजन लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग धमतरी द्वारा आयोजित किया गया
शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का नवीन भवन लगभग 8.68 करोड़ की लागत से निर्मित किया जाएगा। भवन में अत्याधुनिक कक्षाएँ, स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक नर्सिंग लैब, सिमुलेशन लैब, पुस्तकालय, छात्रावास, प्रशासनिक कक्ष, ऑडिटोरियम, पेयजल, विद्युत एवं हरित परिसर जैसी सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इससे छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त होगा।
मुख्य अतिथि विधायक अजय चन्द्राकर ने कहा कि कुरूद का प्रत्येक युवा हुनरमंद बने, यही हमारा लक्ष्य है। नर्सिंग, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से ऐसा वातावरण बनाया जा रहा है जहाँ रोजगार के लिए पलायन नहीं, बल्कि कुरूद से ही प्रगति और सेवा के अवसर सृजित हों।नर्सिंग महाविद्यालय से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ता मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को सम्मानजनक रोजगार और सेवा का सशक्त मंच भी प्राप्त होगा।

Reporter 