रॉन्ग साइड आकर ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, 4 की मौत
बिलासपुर।बिलासपुर में रायपुर–रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने शुक्रवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
तेज रफ्तार ट्रेलर ने रॉन्ग साइड में आकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसा रात करीब 2 बजे हुआ, जब ट्रेलर सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चला गया और स्कॉर्पियो से सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर से टकराकर पलट गया, जबकि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में सवार लोग अंदर बुरी तरह फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद से स्कॉर्पियो को काटा गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और यादव ढाबा में आयोजित शादी की 25वीं सालगिरह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। खुशियों से भरा यह सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, जो तखतपुर–मुंगेली क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Reporter 