तीन दिनों में 3–4 डिग्री बढ़ा तापमान, अगले चार दिनों में और तेज होगी गर्मी

तीन दिनों में 3–4 डिग्री बढ़ा तापमान, अगले चार दिनों में और तेज होगी गर्मी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने तेजी से करवट ली है और बीते तीन दिनों में दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक और इजाफा हो सकता है। हालांकि न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है, जबकि सुबह और रात में हल्की ठंड बनी हुई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ। राजधानी रायपुर में 28 फरवरी को आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले सप्ताह से गर्मी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फरवरी महीने में आमतौर पर आसमान साफ रहता है और सतही हवाएं हल्की चलती हैं। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कभी-कभार बादल छाने, गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति भी बन सकती है। सर्दियों का असर कम होते ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है, जिससे दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बढ़ जाता है।

रायपुर में फरवरी माह का मौसम इतिहास भी खास रहा है। 9 फरवरी 1893 को यहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था, जो अब तक की सबसे ज्यादा ठंड है। वहीं 28 फरवरी 2009 को अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था, जो फरवरी की सबसे अधिक गर्मी मानी जाती है।

लगातार बदलते मौसम के कारण लोगों को दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड से सतर्क रहने की जरूरत है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में इस तरह के उतार-चढ़ाव से बच्चों और बुजुर्गों पर खास असर पड़ सकता है, इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।