रायपुर में बीजेपी नेता गिरफ्तार: शराब के नशे में चला रहा था गाड़ी, जांच में पुलिस ने रोका तो आरक्षक की कॉलर पकड़ी

रायपुर में बीजेपी नेता गिरफ्तार: शराब के नशे में चला रहा था गाड़ी, जांच में पुलिस ने रोका तो आरक्षक की कॉलर पकड़ी

रायपुर। राजधानी में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के दौरान हंगामा खड़ा करने वाले एक भाजपा नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी पर आरोप है कि उसने नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पुलिस से बदसलूकी की, ट्रैफिक टीआई को धमकी दी और ड्यूटी पर तैनात आरक्षक की कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की की। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। यहां पुलिस टीम देर रात ड्रिंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक कार चालक को रोककर उसकी जांच की गई। जांच के दौरान पता चला कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की और कार्रवाई की बात कही तो वह भड़क गया और पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बताते हुए ट्रैफिक टीआई को वर्दी उतरवा देने की धमकी तक दे डाली। इस दौरान उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने एक आरक्षक की कॉलर पकड़ ली और धक्का-मुक्की करते हुए उसकी वर्दी भी फाड़ दी। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने किसी तरह स्थिति को संभाला।

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विकास शुक्ला के रूप में हुई, जो खुद को भाजपा का मंडल अध्यक्ष बता रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से मारपीट और अभद्र व्यवहार सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चाहे आरोपी कोई भी हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।