नशामुक्ति केंद्र में आदिवासी युवक को बेरहमी से पीटा, ‘टॉर्चर सेल’ का वीडियो वायरल

नशामुक्ति केंद्र में आदिवासी युवक को बेरहमी से पीटा, ‘टॉर्चर सेल’ का वीडियो वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी मोवा स्थित ‘साहस नशामुक्ति केंद्र’ से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ नशे की लत छुड़ाने आए एक आदिवासी युवक, अंकुर मांझी, को केंद्र संचालिका के बेटे ने पाइप से इस कदर पीटा कि उसकी पीठ और गर्दन की चमड़ी उधड़ गई। इस क्रूरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है।

क्या है पूरा मामला

ओडिशा के उमरकोट निवासी अंकुर को उसके परिजनों ने सितंबर-अक्टूबर 2025 में इस केंद्र में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि भर्ती के दौरान उन्हें बेटे से मिलने नहीं दिया जाता था और पूछने पर जातिसूचक गालियां दी जाती थीं। फरवरी 2026 में जब अंकुर घर लौटा, तो उसकी हालत देख माता-पिता दंग रह गए। पिटाई के गहरे जख्मों और मानसिक प्रताड़ना के कारण उसकी स्थिति इतनी बिगड़ गई कि अब उसका इलाज विशाखापट्टनम के एक अस्पताल में चल रहा है।

संचालिका के बेटे की दरिंदगी

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि संचालिका का बेटा, अनिकेश शर्मा, युवक को लातों और पाइप से बेरहमी से मार रहा है। युवक ने परिजनों को बताया कि इलाज के नाम पर वहां उसे लगातार टॉर्चर किया जाता था।

पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की स्थिति

परिजनों की शिकायत पर रायपुर की पंडरी पुलिस ने आरोपी अनिकेश शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। जांच में चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि आरोपी अनिकेश खुद नशे की लत का शिकार है और वर्तमान में टाटीबंध स्थित एक अन्य नशामुक्ति केंद्र में अपना इलाज करा रहा है।