BSP स्क्रैप चोरी घोटाला: 3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज जब्त, मास्टरमाइंड के लॉकर से मिले 50 लाख के गहने

BSP स्क्रैप चोरी घोटाला: 3 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज जब्त, मास्टरमाइंड के लॉकर से मिले 50 लाख के गहने

दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से स्क्रैप चोरी के बहुचर्चित मामले में पुलिस की जांच लगातार नए खुलासे कर रही है।

करोड़ों रुपये के इस संगठित नेटवर्क के मास्टरमाइंड संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए पुलिस ने उसके लॉकर से करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।

पुलिस का मानना है कि ये संपत्तियां चोरी के स्क्रैप से अर्जित अवैध कमाई से खरीदी गई थीं।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने सात दिन की रिमांड के दौरान संजय सिंह से गहन पूछताछ की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बीएसपी से चोरी किए गए लोहे और स्क्रैप की बिक्री से प्राप्त रकम को जमीन, मकान और आभूषणों में निवेश किया गया था।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी के बैंक लॉकर और अन्य ठिकानों पर जांच की, जहां से बड़ी मात्रा में संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और कीमती गहने बरामद किए गए।

यह पूरा मामला 26 मई 2026 को सामने आया था, जब पुलिस ने हथखोज स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध स्क्रैप जब्त किया था।

जांच में पता चला कि फ्लू डस्ट के नाम पर बीएसपी से कीमती लोहा बाहर निकालकर अवैध रूप से बेचा जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान करीब 250 टन लोहे की प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये आंकी गई थी। वाहनों और मशीनों समेत कुल जब्ती का मूल्य 3.22 करोड़ रुपये बताया गया।

जांच के दौरान पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और पूरे घटनाक्रम का सीन री-क्रिएट कर सबूत जुटाए। साथ ही कबाड़ की तस्करी में इस्तेमाल होने वाली फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद की गई हैं।

इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस आरोपियों की अन्य संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश की जांच कर रही है। जरूरत पड़ने पर अवैध संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी।