सभी शासकीय विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकें 30 जून तक पहुंचेंगी
धमतरी। नवीन शिक्षा सत्र 2026-27 को सुचारु और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के लिए जिले में शासकीय विद्यालयों तक पाठ्यपुस्तकों के वितरण का कार्य तेज गति से जारी है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से अब तक जिले के 168 संकुल केंद्रों में से 123 संकुलों तक पाठ्यपुस्तकें पहुंचाई जा चुकी हैं, जबकि शेष 45 संकुलों में भी 30 जून तक वितरण पूरा कर लिया जाएगा।
पाठ्यपुस्तक निगम से लगातार पुस्तकों की आपूर्ति की जा रही है तथा वितरण प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को समय पर नई पुस्तकें उपलब्ध हो सकें और पढ़ाई बिना किसी व्यवधान के शुरू हो सके। इस वर्ष कक्षा चौथी एवं सातवीं के पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है। नई पाठ्यपुस्तकों के साथ शिक्षकों को अद्यतन पाठ्यक्रम के अनुरूप प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण पद्धति के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालयों में नई पुस्तकें पहुंचने की प्रक्रिया जारी है, वहां वैकल्पिक शैक्षणिक सामग्री, उपलब्ध पुस्तकों एवं अभ्यास पुस्तिकाओं के माध्यम से नियमित पढ़ाई कराई जा रही है, ताकि विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित न हो। विभाग ने यह भी बताया कि पीएमश्री एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की कुछ पाठ्यपुस्तकें पाठ्यपुस्तक निगम से प्राप्त होने की प्रक्रिया में हैं और प्राप्त होते ही उन्हें प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विद्यालयों में वितरित किया जाएगा।
वहीं गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के लिए कक्षा पहली से 10 तक की हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम की नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण हेतु संशोधित कार्ययोजना जारी की गई है। इसके अनुसार कुरुद विकासखंड में पांच एवं छह जुलाई, धमतरी विकासखंड में सात से नौ जुलाई तथा मगरलोड एवं नगरी विकासखंड में सात एवं आठ जुलाई को संबंधित डिपो से पुस्तकों का वितरण किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी तक समय पर पाठ्यपुस्तक पहुंचाना और शिक्षा सत्र को निर्बाध रूप से संचालित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए शिक्षा विभाग एवं छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के बीच लगातार समन्वय स्थापित कर वितरण कार्य में तेजी लाई गई है। जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि पाठ्यपुस्तकों से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए वे अपने संकुल केंद्र, विकासखंड शिक्षा कार्यालय अथवा जिला शिक्षा कार्यालय से संपर्क करें।

Reporter 